संविधान दिवस: विपक्ष पर बरसे सत्तारूढ़ NDA नेता, बोले- कांग्रेस ने संविधान की धज्जियां उड़ाईं, आपातकाल की दिलाई याद

विपक्ष पर बरसे सत्तारूढ़ NDA नेता, बोले- कांग्रेस ने संविधान की धज्जियां उड़ाईं, आपातकाल की दिलाई याद
संविधान दिवस पर विपक्ष के आरोपों के बीच केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने कांग्रेस को आपातकाल की याद दिलाई। सुरेश खन्ना ने मोदी-योगी सरकार के कामकाज की तारीफ की, जबकि केशव मौर्य ने कांग्रेस पर तुष्टिकरण और पिछड़ा-दलित विरोधी राजनीति का आरोप लगाया।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। संविधान दिवस के मौके पर विपक्ष की ओर से कार्यक्रमों पर पाबंदियां लगाने के आरोपों के बीच भाजपा नेताओं ने कांग्रेस और विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला। केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने कांग्रेस को आपातकाल की याद दिलाई, वहीं उत्तर प्रदेश के मंत्री सुरेश खन्ना और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी विपक्ष पर संविधान और लोकतंत्र के नाम पर राजनीति करने का आरोप लगाया।

केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने संविधान दिवस समारोहों पर पाबंदियों को लेकर विपक्ष के आरोपों पर कहा कि संविधान दिवस मनाने का अधिकार उन लोगों को है, जिनकी संविधान के प्रति आस्था और समर्पण है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि 1974-75 के दौर में इसी पार्टी ने संविधान की धज्जियां उड़ाई थीं और अब वही लोग संविधान की बात कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विरोध करने का एक तरीका होता है, लेकिन विरोध के नाम पर अराजकता फैलाना संविधान के प्रति समर्पण नहीं हो सकता।

उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री सुरेश खन्ना ने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर को नमन करते हुए कहा कि भारतीय संविधान ने देश को संसदीय लोकतंत्र और जनप्रतिनिधियों की जवाबदेही की व्यवस्था दी है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि समान अधिकार और गरीबों के कल्याण के क्षेत्र में सरकार ने काम किया है। उन्होंने दावा किया कि विभिन्न वैश्विक संस्थाओं के अनुसार देश में 49 करोड़ से अधिक लोग गरीबी से बाहर आए हैं।

वहीं, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कांग्रेस को तुष्टिकरण करने वाली और पिछड़ों, दलितों, आदिवासियों, महिलाओं तथा गरीबों के हितों के खिलाफ काम करने वाली पार्टी बताया। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद से कांग्रेस गलतियां करती रही है। इसी वजह से वह सत्ता से बाहर है और आगे भी बाहर रहेगी। संविधान दिवस पर भाजपा नेताओं के इन बयानों से कांग्रेस और भाजपा के बीच राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं।

Created On :  

Tags

Next Story