विशेष सत्र: केंद्र सरकार पर विपक्ष का हमला, महिला आरक्षण और परिसीमन पर उठाए सवाल

केंद्र सरकार पर विपक्ष का हमला, महिला आरक्षण और परिसीमन पर उठाए सवाल
30 नवंबर से बुलाए गए संसद के विशेष सत्र को लेकर विपक्षी दलों ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस नेताओं पी. चिदंबरम, शशि थरूर, मनीष तिवारी और रेणुका चौधरी ने कम समय के नोटिस, अस्पष्ट एजेंडे और संसदीय परंपराओं को लेकर सवाल उठाए। विपक्ष ने महिला आरक्षण कानून लागू करने में देरी और संभावित परिसीमन विधेयक की प्रक्रिया पर भी सरकार से जवाब मांगा है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। 30 नवंबर से शुरू होने वाले संसद के विशेष सत्र को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। कांग्रेस समेत कई विपक्षी दलों ने बीजेपी अगुवाई वाली केंद्र की एनडीए सरकार पर संसदीय परंपराओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया है। विपक्षी नेताओं का सवाल है कि जब महिला आरक्षण कानून पहले ही संसद से पारित हो चुका है, तो सरकार को नए विधेयक की जरूरत क्यों पड़ रही है? वहीं, संभावित परिसीमन विधेयक को लेकर भी विपक्ष ने सरकार की मंशा और प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी. चिदंबरम ने गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधते हुए कहा कि या तो उन्हें भूलने की बीमारी है या फिर वे पूरी बात नहीं बता रहे हैं। उन्होंने कहा कि संविधान का 106वां संशोधन अधिनियम 2023 पहले ही संसद के दोनों सदनों से पारित हो चुका है। इसके तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए एक-तिहाई सीटें आरक्षित करने का प्रावधान है। चिदंबरम ने सवाल किया कि जब कानून पहले से मौजूद है, तो उसे लागू करने के बजाय नए विधेयक की जरूरत क्यों पड़ रही है?

कांग्रेस सांसद रेणुका चौधरी ने संसद की भूमिका और सरकार की जवाबदेही पर सवाल उठाए। वहीं, शशि थरूर ने कहा कि संसद केवल विधेयक पारित करने का मंच नहीं, बल्कि सरकार से जवाब मांगने की संस्था भी है। उन्होंने संसद का वार्षिक कैलेंडर पहले से घोषित करने की जरूरत बताई।

झारखंड मुक्ति मोर्चा की सांसद महुआ माजी ने भी संभावित परिसीमन को लेकर आशंकाएं जताई हैं। कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने आरोप लगाया कि मानसून सत्र को समय पर समाप्त नहीं किया गया और अब चार दिन के लिए संसद बुलाने का फैसला जल्दबाजी में लिया गया है।

कांग्रेस नेता गुलाम अहमद मीर ने संसद सत्र बुलाने की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि सामान्य तौर पर सत्र से पहले दो से तीन सप्ताह का नोटिस दिया जाता है, लेकिन इस बार महज तीन दिन का नोटिस दिया गया। उन्होंने पूछा कि सरकार पहले जनगणना और परिसीमन के बाद महिला आरक्षण लागू करने की बात कर रही थी, तो अब उसके रुख में बदलाव क्यों आया है?

कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने कहा कि विशेष सत्र को नियमित शीतकालीन सत्र के विकल्प के तौर पर इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार को नियमित सत्र बुलाकर विधेयकों पर चर्चा करानी चाहिए।

भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के महासचिव डी. राजा ने भी कम समय के नोटिस पर आपत्ति जताई। उनका कहना है कि इससे सांसदों को प्रश्नकाल और शून्यकाल के जरिए सरकार को जवाबदेह ठहराने का पर्याप्त अवसर नहीं मिलेगा।


Created On :  

Tags

Next Story