Jammu Kashmir News: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पीरजादा मोहम्मद सईद का निधन, 73 साल की उम्र में ली अंतिम सांस

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पीरजादा मोहम्मद सईद का निधन, 73 साल की उम्र में ली अंतिम सांस
कांग्रेस विधायक पीरजादा मोहम्मद सईद का 73 साल की उम्र में निधन हो गया है। वह लंबे समय से बीमार थे।

डिजिटल डेस्क, श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर की राजनीति से एक दुखद खबर सामने आई है। अनंतनाग के कांग्रेस विधायक पीरजादा मोहम्मद सईद का शुक्रवार (27 नवंबर) को निधन हो गया है। वह 73 साल के थे और कुछ समय से बीमार चल रहे थे। उनके जाने से कांग्रेस पार्टी में शोक का माहौल है। पीरजादा लंबे समय से कांग्रेस से जुड़े हुए थे। उन्होंने कई साल तक लोगों की सेवा की और पार्टी में अहम जिम्मेदारियां निभाईं। साल 2024 में वह अनंतनाग सीट से चुनाव जीतकर फिर विधानसभा पहुंचे थे। उनका अंतिम संस्कार आज दमहाल अछबल में किया जाएगा। वहीं, कई नेताओं ने उनके निधन पर दुख जताया है।

तीन बार कोकरनाग से बने विधायक

आपको बता दें कि, पीरजादा मोहम्मद सईद जम्मू-कश्मीर के पुराने और जाने-माने कांग्रेस नेताओं में शामिल थे। उन्होंने साल 1987, 2002 और 2008 में कोकरनाग सीट से चुनाव जीतकर लोगों का प्रतिनिधित्व किया था। वह जम्मू-कश्मीर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भी रहे। साल 2024 में उन्होंने अनंतनाग सीट से जीत हासिल की और विधानसभा में वापसी की। लंबे समय तक पार्टी के साथ जुड़े रहने के कारण कांग्रेस में उनकी खास जगह थी।

कांग्रेस नेताओं ने किया याद

कांग्रेस नेता इरफान नकीब ने पीरजादा मोहम्मद सईद के साथ अपनी तस्वीर साझा कर उन्हें याद किया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने एक बड़े नेता और अच्छे मार्गदर्शक को खो दिया है। नकीब ने बताया कि उन्हें पीरजादा के साथ काम करने का मौका मिला था। उन्होंने लोगों की सेवा और कांग्रेस के लिए उनके काम को करीब से देखा था। नकीब ने कहा कि उनका अनुभव, सादगी और पार्टी के लिए उनका प्यार हमेशा याद रखा जाएगा।

नेशनल कांफ्रेंस के नेताओं ने भी जताया दुख

नेशनल कांफ्रेंस के अनंतनाग जिला उपाध्यक्ष शेख इरफान गुलजार ने भी पीरजादा मोहम्मद सईद के निधन पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि उनके जाने से बहुत दुख हुआ है। गुलजार ने पीरजादा को अनंतनाग सेंट्रल का पूर्व मंत्री और विधायक बताया। उन्होंने कहा कि लोगों के लिए किए गए उनके काम को हमेशा याद किया जाएगा। साथ ही उनके लिए दुआ की कि अल्लाह उन्हें जन्नत में ऊंचा स्थान दे।

Created On :  

Tags

Next Story