Bihar Politics: बेटी की शाही शादी के बाद अनंत सिंह का बड़ा ऐलान, अब लोकसभा चुनाव लड़ेंगे, JDU में लौटने को लेकर क्या कहा?

डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार के मोकामा विधायक अनंत सिंह ने जेल जाने से पहले अपनी राजनीति को लेकर बड़ा बयान दिया है। शुक्रवार (27 नवंबर) को उन्होंने ABP न्यूज से बातचीत की। इसमें उन्होंने कहा कि अब विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे बल्कि लोकसभा चुनाव में उतरेंगे। इसी के साथ ही, JDU में दोबारा जाने से भी साफ मना कर दिया है। हालांकि, उन्होंने नीतीश कुमार को आज भी अपना नेता और भगवान बताया। अनंत सिंह ने मोकामा में उपचुनाव होने पर उम्मीदवार चुनने को लेकर भी अपनी बात रखी है।
अब विधानसभा नहीं, लोकसभा चुनाव लड़ेंगे
अनंत सिंह ने ABP न्यूज से कहा कि अब वह विधानसभा का चुनाव नहीं लड़ेंगे। वह अब लोकसभा चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने साफ कहा कि वह अब कभी जेडीयू में वापस नहीं जाएंगे। नीतीश कुमार को लेकर उन्होंने कहा, ''नीतीश कुमार आज भी मेरे नेता और भगवान हैं। मेरे साथ क्या हो रहा है ये नीतीश को कुछ नहीं पता। वह अस्वस्थ हैं।''
बस इतना ही नहीं, बल्कि उन्होंने अपनी सदस्यता खत्म करने की मांग पर भी नाराजगी जताई है। अनंत सिंह ने कहा कि उन्होंने कोई गलती नहीं की फिर भी जेडीयू ने उनकी सदस्यता खत्म करने की मांग की। वह सात बार विधायक रह चुके हैं। उनके मुताबिक, विधायक बनने के बाद उन पर करीब 70 फर्जी केस दर्ज किए गए।
आनंद मोहन के समर्थन में उतरे अनंत सिंह
मोकामा में उपचुनाव होने पर उम्मीदवार कौन होगा, इस सवाल पर अनंत सिंह ने कहा कि इसका फैसला जनता से पूछकर किया जाएगा। उनका बेटा चुनाव लड़ेगा या कोई और यह लोगों की राय के बाद तय होगा। उन्होंने पूर्व सांसद आनंद मोहन का समर्थन भी किया। अनंत सिंह ने कहा कि जब सरकार को उनसे काम था तब उन्हें जेल से बाहर निकाला गया। अब काम पूरा होने पर फिर जेल भेजा जा रहा है। उन्होंने इसे गलत बताया।
यह भी पढ़े -'सम्मान देकर और बड़ा अपमान कर दिया', ओवैसी को गार्ड ऑफ ऑनर देने पर अखिलेश ने सरकार पर साधा निशाना
4 दिसंबर को करेंगे सरेंडर
अनंत सिंह ने बताया कि वह 4 दिसंबर को पटना सिविल कोर्ट परिसर में एमपी-एमएलए कोर्ट के सामने सरेंडर करेंगे। जेल से बाहर आने के बाद बिहार का दौरा करेंगे। बेटी की शादी में पहुंचे लोगों का धन्यवाद करते हुए उन्होंने कहा कि लाखों लोग समारोह में आए थे। इससे पता चलता है कि जनता उन्हें कितना प्यार करती है। उन्होंने जनता को भगवान बताया है।
Created On :  

