विशेष सत्र: परिसीमन पर कांग्रेस का मंथन, सोनिया गांधी की अध्यक्षता में बनी संसद सत्र की रणनीति, कल होगी इंडिया गठबंधन की बैठक

परिसीमन पर कांग्रेस का मंथन, सोनिया गांधी की अध्यक्षता में बनी संसद सत्र की रणनीति, कल होगी इंडिया गठबंधन की बैठक
संसद के विशेष सत्र से पहले सोनिया गांधी की अध्यक्षता में कांग्रेस की अहम बैठक हुई। परिसीमन और महिला आरक्षण विधेयक पर सरकार को घेरने की रणनीति बनाई गई। अब 28 नवंबर की इंडिया गठबंधन की बैठक पर नजरें हैं।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। संसद के चार दिवसीय विशेष सत्र से पहले कांग्रेस ने अपनी रणनीति को अंतिम रूप देने के लिए शुक्रवार को अहम बैठक की। कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। बैठक में 30 नवंबर से शुरू होने वाले संसद सत्र, परिसीमन विधेयक और महिला आरक्षण कानून को लेकर पार्टी के रुख पर चर्चा की गई।

बैठक में 28 नवंबर को प्रस्तावित इंडिया गठबंधन की बैठक को लेकर भी चर्चा हुई। कांग्रेस नेतृत्व विपक्षी पार्टियों के साथ समन्वय बनाकर संसद में सरकार के खिलाफ साझा रणनीति तैयार करना चाहता है। माना जा रहा है कि परिसीमन के मुद्दे पर दक्षिण भारतीय राज्यों और अन्य क्षेत्रीय दलों की चिंताओं को भी विपक्षी एकजुटता का आधार बनाया जा सकता है।

इस बीच उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे का मुद्दा भी चर्चा में है। खबरों के मुताबिक, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और इमरान मसूद समेत पार्टी के नेताओं के बीच इस संबंध में विचार-विमर्श हुआ है। ऐसे में कांग्रेस के सामने एक तरफ संसद में विपक्षी एकजुटता बनाए रखने की चुनौती है, तो दूसरी तरफ उत्तर प्रदेश में सपा के साथ गठबंधन की शर्तें तय करने का दबाव भी है।

उत्तर प्रदेश में INDIA गठबंधन में सीटों के बंटवारे पर UP कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने कहा, "बहुत अच्छी बातचीत हुई है, पूरे यूपी का कैंपेन डिजाइन कर रहे हैं। राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे सब लोग उत्तर प्रदेश में टाइम देने के लिए तैयार हैं और बड़े कैंपेन की तैयारी कर रहे हैं। बातचीत अभी चल रही है इसलिए हम अभी सीट शेयरिंग पर कुछ बता नहीं सकते जब तक फाइनल ना हो जाए।

आपको बता दें केंद्र सरकार की ओर से संसद के विशेष सत्र बुलाए जाने के बाद विपक्षी दलों ने परिसीमन को लेकर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस परिसीमन बिल पर सरकार की मंशा को लेकर पहले ही आपत्ति जता चुकी है। विपक्षी दल का मानना है कि महिला आरक्षण लागू करने के नाम पर परिसीमन की प्रक्रिया के जरिए राजनीतिक और क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व में बदलाव नहीं किया जाना चाहिए। कांग्रेस ने बैठक में सदन के भीतर सरकार को घेरने की रणनीति पर विचार किया गया।

संसद की कार्यवाही के कार्यक्रम के अनुसार, लोकसभा की बैठक 30 नवंबर से और राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर से शुरू होगी। चार दिन के इस सत्र में परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े संशोधित विधेयक पेश किए जाने की अटकलें हैं। हालांकि, सरकार की ओर से अभी तक विधेयकों को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

Created On :  

Tags

Next Story