Modi cabinet decision: 'केरलम' नाम से जाना जाएगा केरल, 'सेवा तीर्थ' में मोदी कैबिनेट की पहली बैठक, तीन बड़े फैसलों पर लगी मुहर

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दक्षिण भारत राज्य केरल अब 'केरलम' नाम से जाना जाएगा। सेवा तीर्थ (प्रधानमंत्री कार्यालय) में मंगलवार को हुई मोदी कैबिनेट की बैठक में इसकी मंजूरी दी गई। केरल में इसी साल विधानसभा चुनाव होने हैं, उससे पहले यह बड़ा कदम माना जा रहा है। सरकार की ओर कहा जा रहा है कि इससे राज्य की सांस्कृतिक पहचान को मजबूती मिलेगी। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इस बारे में मीडिया को बताया, 'जब से भाषा के आधार पर राज्य का निर्माण हुआ, तब से इसकी मांग थी कि केरल का नाम केरलम होना चाहिए। इस मांग को कैबिनेट ने मंजूरी दी है।'
कैबिनेट मीटिंग में इसके अलावा रेलवे, मेट्रो और एविएशन क्षेत्र के अहम प्रोजेक्ट्स को हरी झंडी मिली। इन सभी में 12236 करोड़ रुपये खर्च होंगे। आइए जानते हैं उनके बारे में...
तीन रेलवे प्रोजेक्ट्स को मंजूरी
मोदी कैबिनेट ने तीन रेलवे प्रोजेक्ट्स को मंजूरी दी है। इनमें गोंदिया-जबलपुर रेल लाइन का दोहरीकरण, पुनारख और कियुल के बीच तीसरी और चौथी रेल लाइन और झारखंड में गम्हरिया और चांडिल के बीच भी तीसरी और चौथी लाइन बिछाने को स्वीकृति मिली है। इन तीनों प्रोजेक्ट्स पर करीब 9 हजार रुपये खर्च होंगे। इनसे माल की ढुलाई और यात्रियों का सफर काफी आसान हो जाएगा।
यह भी पढ़े -मोदी सरकार में डिजिटल इंडिया गरीबों को सस्ता अनाज देने के क्षेत्र में पदार्पण कर रहा अमित शाह
श्रीनगर एयरपोर्ट को मिलेगा नया टर्मिनल
मोदी सरकार ने जम्मू-कश्मीर में पर्यटन और कनेक्टिविटी को बढ़ाने के लिए बड़ा कदम उठाया है। राजधानी श्रीनगर के एयरपोर्ट पर नया टर्मिनल बनाया जाएगा जिस पर 1667 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
इसके अलावा अहमदाबाद मेट्रो प्रोजेक्ट के फेज के विस्तार की मंजूरी दी गई है। इसके लिए 1,067 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है। सरकार के इस कदम से शहर के लोगों को जाम से निजात मिलेगी।
जूट के समर्थन मूल्य को मंजूरी
किसानों के हक में बड़ा फैसला लेते हुए सरकार ने कच्चे जूट के समर्थन मूल्य (एमएसपी) को मंजूरी दी है। इसमें सरकार पर 430 करोड़ रुपये का वित्तीय बोझ आएगा।
Created On :   24 Feb 2026 4:17 PM IST













