AI Summit Protest Case: यूथ कांग्रेस अध्यक्ष की गिरफ्तारी पर राहुल गांधी की तीखी प्रतिक्रिया, प्रदर्शनकारियों को कहा 'बब्बर शेर', PM पर निशाना

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। 'एआई इंपैक्ट समिट' में शर्टलेस प्रदर्शन करने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस क्रम में यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु चिब को गिरफ्तार कर कोर्ट के सामने पेश किया गया। इस मामले पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने समिट के दौरान शर्टलेस प्रदर्शन करने वालों को बब्बर शेर कहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि ‘COMPROMISED PM’ के खिलाफ निडर होकर देश के हित में आवाज उठाई गई।
पीएम पर निशाना
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि शांतिपूर्ण विरोध हमारी ऐतिहासिक धरोहर है। यह हमारे खून में है और हर भारतीय का लोकतांत्रिक अधिकार है। मुझे युवा कांग्रेस के अपने बब्बर शेर साथियों पर गर्व है, जिन्होंने ‘COMPROMISED PM’ के खिलाफ निडर होकर देश के हित में आवाज उठाई है।अमेरिका के साथ हुए ट्रेड डील में देश के हितों से समझौता किया गया है। यह समझौता हमारे किसानों और टेक्सटाइल उद्योग को नुकसान पहुंचाएगा तथा हमारे डेटा को अमेरिका के हाथों में सौंप देगा।
यह भी पढ़े -हवाई अड्डों से लेकर संसद तक बीजेपी के निर्माण कार्यों पर अखिलेश यादव ने उठाया सवाल, योगी सरकार पर भड़के अखिलेश यादव
'सच और संविधान हमारे साथ'
राहुल गांधी ने आगे कहा कि इस सच्चाई को देश के सामने रखने के लिए युवा कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु चिब और IYC के अन्य साथियों की गिरफ्तारी तानाशाही प्रवृत्ति और कायरता का प्रमाण है। कांग्रेस पार्टी और मैं अपने बब्बर शेर साथियों के साथ मजबूती से खड़े हैं। सत्ता को सच का आईना दिखाना अपराध नहीं, देशभक्ति है। डरो मत - सच और संविधान हमारे साथ हैं।
Created On :   24 Feb 2026 4:56 PM IST













