संविधान दिवस पर'भारत जोड़ो यात्रा' पहुंच सकती है अंबेडकर की जन्मस्थली, दलित और आदिवासी वोटरों पर रहेगी नजर

मध्यप्रदेश संविधान दिवस पर'भारत जोड़ो यात्रा' पहुंच सकती है अंबेडकर की जन्मस्थली, दलित और आदिवासी वोटरों पर रहेगी नजर

डिजिटल डेस्क,भोपाल।  कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में भारत जोड़ो यात्रा निकाली जा रही है। बताया जा रहा है कि यह यात्रा 26 नवंबर को संविधान दिवस पर महू पहुंच सकती है। महू संविधान निर्माता भीमराव अंबेडकर की जन्मस्थली है। हालांकि पार्टी के अंदर इस कार्यक्रम को लेकर विचार-विमर्श किया जा रहा है जिसकी जानकारी गुरूवार को कांग्रेस नेताओं ने दी। 

 "भारत जोड़ो यात्रा" की आयोजन समिति के प्रमुख और राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह ने इंदौर में मीडिया को बताया कि मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ की अगुवाई में एक नवंबर तक फैसला किया जाएगा कि प्रदेश में इस यात्रा का मार्ग और स्वरूप क्या होगा। 

कांग्रेस नेताओं की मानें तो भारत जोड़ो यात्रा महाराष्ट्र के बाद मध्यप्रदेश में बुरहानपुर के रास्ते 20 नबंवर को प्रवेश करेगी। बता दें यह यात्रा प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव से एक माह पहले गुजरने वाली है। 

दिग्विजय सिंह ने मीडिया से बात करते हुए एक सवाल के जबाव में कहा कि कोशिश रहेगी कि इस यात्रा को अंबेडकर की जन्मस्थली महू भी ले जाए। इसके साथ ही सिंह ने कहा कि  "दलितों के मसीहा" के रूप में मशहूर डॉ. भीमराव अंबेडकर का जन्म इंदौर से करीब 25 किलोमीटर दूर महू में 14 अप्रैल 1891 को हुआ था। बाबा साहेब के सम्मान में प्रदेश सरकार ने महू में स्मारक भी बनाया है। 

 महाकालेश्वर भी जा सकती है यात्रा

भारत जोड़ो यात्रा को लेकर कयास लगाए जा रहे हैं कि यह यात्रा उज्जैन के महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग भी जा सकती है। कांग्रेस का उज्जैन से हिंदू और महू से दलित-आदिवासी वोटर्स को आकर्षित करने का प्लान है। प्रदेश भर में आदिवासी और दलित वोटरों की संख्या भी काफी अहम है। बता दें हाल ही में पीएम नरेंद्र मोदी ने 11 नवंबर को यहां पर महाकाल लोक परियोजना के प्रथम चरण का उद्धाटन किया था।

वकीलों को बड़ी मात्रा में किया जाएगा शामिल 
कांग्रेस पार्टी इस यात्रा को लेकर अपनी तैयारी करने में जुटी हुई है। कयास यह भी लगाए जा रहे हैं कि पार्टी इस यात्रा में भारी संख्या में वकीलों को शामिल करने के प्रयास कर रही है। यात्रा के दौरान कांग्रेस संविधान दिवस पर इंदौर के आस-पास वकीलों के बडे़ जमावड़े की तैयारी भी कर रही है। राज्यसभा सदस्य विवेक तन्खा ने वकीलों की एक बैठक इंदौर में केन्द्र की भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि  ""देश का संविधान इस वक्त भारी असुरक्षा की भावना से जूझ रहा है। "भारत जोड़ो यात्रा" का एक उद्देश्य यह भी है कि संविधान को कैसे सुरक्षित रखा जाए।""  

 

Created On :   27 Oct 2022 6:23 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story