बिहार: पटना में बड़े उद्योगपति गोपाल खेमका मर्डर पर सियासत तेज, सरकार के बचाव में उतरा पक्ष तो विपक्ष ने कहा राज्य में कानून व्यवस्था ठप्प

पटना में बड़े उद्योगपति गोपाल खेमका मर्डर पर सियासत तेज, सरकार के बचाव में उतरा पक्ष तो विपक्ष ने कहा राज्य में कानून व्यवस्था ठप्प
  • प्रदेश के लॉ एंड ऑर्डर पर उठे सवाल
  • सम्राट चौधरी ने कहा पुलिस मामले की जांच कर रही है
  • खेमका हत्याकांड पर मुख्यमंत्री स्वयं संज्ञान ले रहे- डिप्टी सीएम सिन्हा

डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार की राजधानी पटना में बड़े उद्योगपति गोपाल खेमका की शुक्रवार देर रात सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद से राज्य में कानून-व्यवस्था को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। चुनावी साल होने के चलते राज्य का राजनीतिक तापमान भी बढ़ रहा है।

आपको बता दें 7 साल पहले उनके बेटे गुंजन खेमका की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। अब सबसे बड़ा सवाल ये है कि बेटे-पिता के मर्डर में क्या कोई कनेक्शन है? बताया जा रहा है कि गोपाल खेमका पर जहां गोलियां चलाई गई वह पुलिस थाने से मात्र 300 मीटर दूर था। पुलिस पर देरी से पहुंचने का आरोप लगाया जा रहा है। थाने के पास इतनी बड़ी वारदात होना भी शासन -प्रशासन पर बड़े सवाल खड़ा करती है। उद्योगपति की हत्या को लेकर पक्ष- विपक्ष एक दूसरे पर हमलावर है। सत्ता पक्ष सरकार का बचाव करते हुए नजर आ रहा है, वहीं विपक्षी दल बिहार में गुंडा राज की बात कह कर सरकार को घेर रहे है।

बिहार में गुंडा राज है, अपराधी अपराध करता है, भाग जाता है और पुलिस देखती रहती है-कांग्रेस

कांग्रेस नेता प्रेम चंद्र मिश्रा ने न्यूज एजेंसी एएनआई से कहा, 'बिहार में गुंडा राज है। अपराधी अपराध करता है, भाग जाता है और पुलिस देखती रहती है। उन्होंने यह भी कहा कि राजधानी पटना में जहां इतने सारे सुरक्षा बल हैं, एक प्रतिष्ठित व्यवसायी की हत्या कर दी जाती है और सरकार के लोग वहां बैठकर दावा करते हैं कि यह कानून का शासन है। यह कानून नहीं है। मिश्रा ने नीतीश कुमार और भाजपा सरकार पर लोगों की जान और संपत्ति की रक्षा करने में विफल रहने का आरोप भी लगाया।

बिहार में सरकार नाम की कोई चीज नहीं है-आरजेडी सांसद मनोज झा

आरजेडी सांसद मनोज झा ने भी कहा कि बिहार में सरकार नाम की कोई चीज नहीं है। उन्होंने इस मामले को लेकर सत्ता पक्ष पर जमकर हमला बोला।

सरकार हर एंगल से जांच कर रही है, अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा -सम्राट चौधरी

बिहार के पटना में व्यवसायी गोपाल खेमका हत्याकांड पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा पुलिस मामले की जांच कर रही है। बिहार सरकार ने SIT का गठन किया है। जल्द से जल्द कार्रवाई की जाएगी और सरकार हर एंगल से जांच कर रही है। किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।

व्यवसायी गोपाल खेमका हत्याकांड पर मुख्यमंत्री स्वयं संज्ञान ले रहे हैं- डिप्टी सीएम सिन्हा

बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने व्यवसायी गोपाल खेमका हत्याकांड पर कहा मुख्यमंत्री स्वयं संज्ञान ले रहे हैं और इस मामले में कार्रवाई होगी, जिन लोगों ने घटना के बाद त्वरित कार्रवाई नहीं की है, सरकार उनका भी संज्ञान लेगी।

सत्ता पक्ष का बचाव करते हुए बीजेपी नेता गुरु प्रकाश ने सरकार स्थिति पर नजर बनाए हुए है। प्रकाश ने कहा कि मुख्यमंत्री, दोनों उपमुख्यमंत्री और हमारे सभी वरिष्ठ अधिकारियों के संज्ञान में ये मामला है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी

Created On :   5 July 2025 5:17 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story