Purification Controversy: शुद्धिकरण विवाद में राहुल गांधी की बढ़ सकती हैं मुश्किलें, श्री राम सेना ने कोतवाली थाने में दर्ज कराई शिकायत

शुद्धिकरण विवाद में राहुल गांधी की बढ़ सकती हैं मुश्किलें, श्री राम सेना ने कोतवाली थाने में दर्ज कराई शिकायत
शुद्धिकरण विवाद में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस नेता राहुल गांधी की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। उनके खिलाफ अब उत्तराखंड के हल्द्वानी जिले के कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज हो गई है।

डिजिटल डेस्क, देहरादून। शुद्धिकरण विवाद में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस नेता राहुल गांधी की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। उनके खिलाफ अब उत्तराखंड के हल्द्वानी जिले के कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज हो गई है। यह शिकायत जिले में श्री राम सेना के अमित कुमार ने रविवार को दर्ज कराई है। उन्होंने राहुल गांधी पर जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल का आरोप लगाया है।

वहीं, शिकायत के मामले में हल्द्वानी जिला पुलिस ने कहा कि अभी तक इस मामले में एफआईआर दर्ज नहीं हुई है। फिलहाल अमित कुमार की ओर से मिली शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है।

क्या है पूरा विवाद?

इस विवाद की शुरुआत उस समय हुई, जब कांग्रेस प्रमुख मल्लिकार्जुन खरगे की रैली हुई थी। इसके बाद श्री राम सेना के सदस्यों ने उस जगह पर हवन करके शुद्धिकरण किया था। मामला सामने आने के बाद राहुल गांधी ने एफआईआर दर्ज कराने की मांग की थी।

श्री राम सेना के सदस्य ने क्या दी प्रतिक्रिया?

इस विवाद पर श्री राम सेना धर्मार्थ सेवा न्याय के सदस्य विनोद आर्य का कहना है, "सनातन परंपरा के एक अनुयायी के रूप में, यह मेरा प्राथमिक अधिकार और कर्तव्य है कि मैं उस स्थान की स्वच्छता सुनिश्चित करूं, जहां भगवान श्री राम की पूजा की जाती है और जहां विभिन्न धार्मिक समारोह आयोजित किए जाते हैं। मैं स्वयं दलित समाज से आता हूं और इस गतिविधि के दौरान मेरे साथ दलित समुदाय के अन्य भाई भी थे।"

दबाव डालने का आरोप

विनोद आर्य ने आगे बताया, "हमने निश्चित रूप से कुछ भी गलत नहीं किया। अब इस तथ्य के बावजूद कि हम दलित हैं, विपक्ष के नेता राहुल गांधी हमारे खिलाफ कानूनी कार्रवाई और मामले दर्ज करने की मांग कर रहे हैं। हम राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराना चाहते हैं। हम उनके खिलाफ मामला दर्ज करने का इरादा रखते हैं, क्योंकि हमें लगता है कि हमारे कार्यों के लिए हम पर अनुचित दबाव डाला जा रहा है और हमारी गिरफ्तारी की मांग की जा रही है।"

राहुल गांधी ने क्या कहा?

राहुल गांधी ने शुद्धिकरण मामले में कहा, "शुद्धिकरण करना एक अपराध है, क्रिमिनल ऑफेंस है। 10 अगस्त को शुद्धिकरण किया गया, 13 अगस्त को खरगे जी ने सदन में कहा कि उनका अपमान हुआ है, लेकिन फिर भी अभी तक इस मामले को लेकर कोई कार्रवाई नहीं की गई है। हमारी मांग है कि जिन लोगों ने ऐसा किया है, उन पर जल्द से जल्द FIR हो। यह हरकत SC/ST एक्ट का उल्लंघन है।"

Created On :   30 Aug 2026 9:48 PM IST

Tags

Next Story