हल्द्वानी शुद्धिकरण विवाद: राहुल गांधी के खिलाफ FIR, विरोध में सड़क पर उतरे कांग्रेस कार्यकर्ता, पक्ष- विपक्ष के नेता एक दूसरे पर हमलावर

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। उत्तराखंड के हल्द्वानी शुद्धिकरण विवाद में लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ हुई एफआईआर का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। हल्द्वानी शुद्धिकरण विवाद पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने राहुल गांधी पर हुई FIR पर कहा मल्लिकार्जुन खड़गे ने राहुल गांधी के दवाब में आकर उच्च सदन में अपमान का विषय उठाया। जे पी नड्डा ने संज्ञान लिया और जवाब दिया, कि भाजपा का कोई कार्यकर्ता उसमें शामिल नहीं था। उन्होंने आगे कहा जो भी कार्यकर्ता यज्ञ शुद्धिकरण में शामिल थे, वे एससी के बच्चे थे। क्या एससी को पूजा पाठ करना मना है? वहां कहां शुद्धिकरण की बात आ रही थी? केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा राहुल गांधी नौटंकी करना बंद कर दें और एक जिम्मेदार विपक्ष के नेता की भूमिका का निर्वहन करें।
इस पूरे मामले पर कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा ने आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा भाजपा एफआईआर के जरिए किसे और क्या संदेश दे रही है? यह महत्वपूर्ण है। यह संदेश पूरे शोषित, वंचित और दलित समुदाय के लिए है कि अगर उन्होंने कभी आवाज उठाई है या किसी ने उनके लिए आवाज उठाई है तो आवाज उठाने वाले व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने एफआईआर को बीजेपी और आरएसएस की मानसिकता का एक और उदाहरण बताया है। उन्होंने सत्तारूढ़ सरकार पर निशाना साधते हुए कहा 21वीं सदी में, संविधान से चलने वाले देश का शासन ऐसे लोगों के हाथों में है जो न तो माफी मांग रहे हैं और न ही 'शुद्धिकरण' को लेकर एफआईआर दर्ज कर रहे हैं और न ही प्रधानमंत्री या गृह मंत्री इस पर कुछ बोल रहे हैं, बल्कि 'शुद्धिकरण' के खिलाफ आवाज उठाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
कांग्रेस नेता उमंग सिंघार ने हल्द्वानी शुद्धिकरण विवाद में राहुल गांधी के खिलाफ FIR को लेकर बीजेपी पर निशाना साधा। सिंघार ने कहा भाजपा एक तरफ समानता की बात करती है, दूसरी तरफ कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर केस दर्ज करती है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा भाजपा नहीं चाहती कि विवाद के बिना देश चले। वे चाहते हैं कि सांप्रदायिक विवाद होता रहे और वे सत्ता में राज करें।
यह भी पढ़े -शुद्धिकरण विवाद में राहुल गांधी की बढ़ सकती हैं मुश्किलें, श्री राम सेना ने कोतवाली थाने में दर्ज कराई शिकायत
हल्द्वानी के रामलीला मैदान के शुद्धिकरण मामले में राहुल गांधी के खिलाफ हल्द्वानी कोतवाली में मामला दर्ज किया है,एफआईआर एससीएसटी एक्ट और बीएनएस की धाराओं के तहत दर्ज की है। ये शिकायत अमित कुमार की ओर से की गई है। इस पर हल्द्वानी से लेकर दिल्ली तक घमासान मचा हुआ है, शिकायतकर्ता ने अपनी शिकायत में कहा है कि दिल्ली में 29 अगस्त को राहुल गांधी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान धार्मिक अनुष्ठान को जातिगत रंग देने और छुआछूत तथा दलित विराधी बताकर एक विशेष समुदाय की भावनाओं को आहत किया है। पुलिस ने राहुल गाँधी केखिलाफ बीएनस की धारा 196 समूहों के बीच दुश्मनी बढ़ाना, 299 धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने की धाराओं के साथ, एससीएसटी 1989 की धाराओं को जोड़ा गया है।
आपको बता दें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की 8 अगस्त को हल्द्वानी रैली के बाद रामलीला मैदान में कुछ लोगों ने कथित शुद्धीकरण के नाम पर यज्ञ का आयोजन किया था। जिस पर खुद खड़गे ने राज्यसभा में उठाया था। राहुल गांधी समेत पूरी कांग्रेस अपने अध्यक्ष के अपमान को लेकर यज्ञ आयोजकों पर एफआईआर की मांग कर रही है। लेकिन इसके विपरीत राहुल गांधी के खिलाफ ही मामला दर्ज हुआ है।
Created On :   31 Aug 2026 4:11 PM IST









