UP News: मायावती ने रेवड़ियों वाले लुभावने वादों को बताया छलावा, जनता से की दूर रहने की अपील

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। उत्तरप्रदेश में आगामी साल के शुरुआती महीनों में विधानसभा चुनाव होने है। ऐसे में राजनीतिक दल चुनावी तैयारियों में लगे हुए है। इस कड़ी में बीएसपी ने आज बड़ी बैठक की। इसमें बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने बीएसपी. उत्तर प्रदेश स्टेट, मण्डल यूनिट व सभी 75 जिलों के अध्यक्षों सहित वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ अहम बैठक की, इसमें पार्टी उम्मीदवारों के चयन की प्रगति समेत आगामी विधानसभा आमचुनाव की तैयारियों की गहन समीक्षा की ।
बीएसपी प्रमुख ने चुनावी तैयारियों को और भी तीव्र एवं प्रभावी बनाने का आहवान किया ताकि विरोधियों के साम, दाम, दण्ड, भेद आदि अनेकों घिनौने हथकण्डों का मुस्तैदी से सामना करते हुये यूपी में बी. एस.पी. की पाँचवीं बार 'कानून द्वारा कानून के बेहतरीन राज' तथा 'सर्वजन हिताय व सर्वजन सुखाय की सरकार बनाकर जन आकाँक्षाओं को पूरा किया जा सके।
उन्होंने कहा चुनावी स्वार्थ के लिये वोटिंग पूर्व महिलाओं आदि को निजी लाभ वाली 'रेवड़ियों सहित विभिन्न प्रकार के लुभावने वादे एवं घोषणाओं के माध्यम से चुनावों को प्रभावित किया जाता है, और सरकार बनने पर वादाखिलाफी की जाती है, उससे विशेषकर यूपी की जनता को सतर्क करना जरूरी है, ताकि लोग विरोधी पार्टियों के छलावों / विश्वासघात से बचकर चुनाव में अपनी मर्जी के मुताबिक स्वतंत्र व निष्पक्ष होकर अपने वोट से 'सर्वजन हिताय व सर्वजन सुखाय' की अच्छी सरकार चुन सकें, जो देश व जनहित में अति-जरूरी है।
बसपा चीफ ने कहा वैसे भी विरोधी पार्टियों की इसी प्रकार के गलत रवैयों / कार्यकलापों आदि के कारण 'जेन-जी व जेन - अल्फा' भी काफी आक्रोशित, उद्वेलित व आन्दोलित हैं और सरकारी दमन भी झेल रहे हैं, किन्तु इन सबका सही व स्थाई समाधान बसपा सरकार में ही निहित है, यह पैगाम जितनी दूर तक जितनी जल्द लोगों तक पहुँचे उतना देश व जनहित में बेहतर होगा।
बी.एस.पी. यूपी स्टेट कार्यालय 12 माल एवेन्यू में आयोजित बैठक में यूपी संगठन की पिछली दो बैठकों में मतदाता सूची की चुनाव आयोग द्वारा हुए एसआईआर उपरान्त पोलिंग बूथ स्तर तक की कमेटियों के पुनर्गठन को युद्ध स्तर पर पूरा किये जाने की स्थिति की समीक्षा की गयी तथा कमियों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिये गये। उत्तर प्रदेश में बीएसपी की 5 वीं बार सरकार बनाकर लोगों को 'कानून द्वारा कानून के बेहतरीन राज' देने के साथ तथा शोषण, अत्याचार व भ्रष्टाचार मुक्त 'सर्वजन हिताय व सर्वजन सुखाय की सरकार बनाकर लोगों की अपेक्षाओं व आकाँक्षाओं को सही से पूरा किया जा सके।
मायावती ने यूपी की जनता को अगाह करते हुए कहा विरोधी पार्टियों के खुल्लमखुल्ला छलावों व विश्वासघात आदि से बचकर चुनाव में अपनी मर्जी के हिसाब से स्वतंत्र व निष्पक्ष होकर वोट करे , जो देश व जनहित में अति-आवश्यक है। देश के विभिन्न राज्यों में चुनाव के बाद सरकार बन जाने पर ऐसी ही लगातार वादाखिलाफी, विश्वासघात व जनहित व जनकल्याण के प्रति गैर - ज़िम्मेदारी आदि के विरुद्ध बी.एस.पी. के संघर्ष के साथ-साथ 'जेन जी व जेन- अल्फा तक को ऐसे जनविरोधी रवैयों/कार्यकलापों के कारण संघर्ष के लिये उतरकर पुलिस मुकदमा आदि जैसे सरकारी दमन का सामना करना पड़ रहा है।
बसपा चीफ ने कहा वास्तव में महंगाई के साथ-साथ गरीबी, बेरोजगारी व पिछड़ेपन आदि के कारण मजबूरी के पलायन से यूपी की जनता भी लगातार त्रस्त है, जिसके निदान हेतु सरकार जो भी घोषणायें कर रही है वह ऊँट के मूँह में जीरा के सामान ही यह समाधान का कम व चुनावी छलावा लगता है, क्योंकि जनहित व जनकल्याण का दायित्व अनवरत निभाना सभी सरकारों की संवैधानिक जिम्मेदारी है जिसको हर वर्ष जारी रखना है, जैसाकि बी. एस.पी. की यूपी में रही सभी सरकारों में किसी मुहूरत अथवा चुनाव की प्रतीक्षा किये बिना ही लगातार किया गया और तभी ‘सामाजिक परिवर्तन व आर्थिक मुक्ति' सम्बंधी काम अभूतपुर्व एवं ऐतिहासिक तौर पर करके दिखाया गया है, जो किसी से छिपा नहीं बल्कि सर्वविदित है ।
यह भी पढ़े -अखिलेश यादव ने फिर बदला PDA का अर्थ, पी को प्रोटेस्ट ,डी को डेमोंस्ट्रेशन और ए को एक्टिविस्ट कहा, मायावती रंग बदलने का लगा चुकी है आरोप
मायावती ने बीएसपी के जन्मदाता एवं संस्थापक कांशीराम की 9 अक्टूबर को पुण्यतिथि के कार्यक्रम को पूरी मिशनरी भावना से आयोजित करने सम्बंधी दिशा-निर्देश देते हुये कहा कि इस साल यह कार्यक्रम केवल लखनऊ में बी.एस.पी सरकार में वीआईपी रोड पर पर्यटक स्थल के रूप में विकसित भव्य 'बौद्ध स्मृति उपवन' के सामने, विशाल गुम्बद आकार के भव्य कांशीराम स्मारक स्थल में आयोजित होगा, जहाँ पश्चिम यूपी सहित पूरे प्रदेश भर के लोग एकत्र होकर कांशीराम का मिशन अधूरा, बी.एस.पी. करेगी पूरा' व कांशीराम का मिशन अधूरा, बहन करेंगी पूरा' आदि के संकल्प के साथ अपनी श्रद्धांजलि एवं श्रद्धा-सुमन अर्पित करेंगे।
उन्होंने ये भी बताया कि बी. एस. पी. सरकार द्वारा यूपी - दिल्ली सीमा पर स्थापित भव्य 'बहुजन प्रेरणा केन्द्र' में रख-रखाव का सरकारी कार्य चल रहा और इस दौरान लोगों की भीड़ एकत्र होने पर किसी दुर्घटना आदि की संभावना से बचा जा सके। इसीलिये इस वर्ष पश्चिम यूपी के लोग भी यूपी के अन्य मण्डल के लोगों की तरह, राजधानी लखनऊ आकर यहाँ विशाल गुम्बद आकार के भव्य ' स्मारक स्थल पर श्रद्धा-सुमन अर्पित करेंगे।
इसके अलावा, बीएसपी ने पड़ोसी देश नेपाल में बाढ़ के प्रलय में भारतीयों सहित जान-माल की हुई भारी हानि अति-दुखद व पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी सहानुभूति प्रकट की, इसे लेकर मायावती ने कहा यूपी में भी बाढ़ की विभीषिका के प्रति केन्द्र व राज्य सरकारों को सभी प्रभावित लोगों की हर प्रकार से मदद को तुरन्त आगे आना चाहिये, वरना ख़ासकर यूपी के पूर्वांचल के लोगों का जीवन ग़रीबी, भूख और कर्ज के शोषण आदि की मार के कारण और भी अधिक कठिन होता जायेगा। मायावती ने कहा आपदा योजनाओं का लाभ तत्काल जरूरतमन्द लोगों / परिवारों को मिले तो यह सही होगा। उन्होंने ये भी कहा बाढ़ का प्रकोप हर वर्ष की त्रासदी है जिसके सम्बंध में इसके स्थाई समाधान जरूर ढूंढे जाने की जरूरत है।
Created On :   31 Aug 2026 4:09 PM IST










