उत्तरप्रदेश: सपा विधायक अतुल प्रधान के आमरण अनशन आंदोलन में पहुंचे राकेश टिकैत

सपा विधायक अतुल प्रधान के आमरण अनशन आंदोलन में पहुंचे राकेश टिकैत
  • निजी अस्पतालों के खिलाफ सरधना सपा विधायक अतुल प्रधान का आमरण अनशन
  • पांचवें दिन से जारी
  • राकेश टिकैत ने धरना स्थल पर पहुंचकर आंदोलन को अपना समर्थन दिया

डिजिटल डेस्क, मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में निजी अस्पतालों के खिलाफ सरधना विधानसभा क्षेत्र से सपा विधायक अतुल प्रधान का आमरण अनशन पांचवें दिन शुक्रवार को भी जारी रहा। भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने धरना स्थल पर पहुंचकर आंदोलन को अपना समर्थन दिया।

भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने सपा विधायक से अनशन की बजाय आंदोलन करने और आम जनता के हित में डॉक्टरों से भी सस्ता उपचार करने की अपील की। राकेश टिकैत ने कहा कि ऐसे भी अस्पताल बने हैं, जिनके परिवार में कोई डॉक्टर नहीं है। वह अस्पताल कॉन्ट्रैक्ट पर चल रहे हैं। निजी अस्पतालों में एंबुलेंस वाले मरीज भर्ती करा रहे। मेरठ के अस्पतालों में मुजफ्फरनगर, बागपत, अमरोहा, बिजनौर, शामली, मुरादाबाद, रामपुर आदि जिलों से मरीज आते हैं। अतुल प्रधान सही मुद्दे को उठा रहे हैं।

टिकैत ने कहा कि जिला प्रशासन को समिति बनाकर डॉक्टरों और विधायक को बुलाकर मामला सुलझाना चाहिए। चिकित्सा पेशे को व्यापार न बनाया जाए। अनाप-शनाप बिल लोगों से न वसूले जाएं। अनशन की बजाय आंदोलन चलाएं। इस आंदोलन को पूरा समर्थन है। डॉक्टरों के खिलाफ पहली बार आंदोलन हुआ है। डॉक्टरों का सभी सम्मान करते हैं, लेकिन इसका गलत फायदा न उठाएं।

राकेश टिकैत ने कहा कि कलम और कैमरे पर बंदूक का पहरा है। अभी हालात और भी खराब होंगे। अगर 2024 में भी ये फिर से आ गए तो सोशल मीडिया आदि सभी को बंद करा देंगे। देश को कोई राजनीतिक पार्टी नहीं बल्कि किसान और मजदूर बचाएंगे।

सपा विधायक अतुल प्रधान ने कहा कि अब यह सभी लोगों की लड़ाई बन चुकी है। मैंने अपनी पूरी संपत्ति का ब्यौरा दे दिया है। अब डॉक्टरों को अपनी संपत्ति की घोषणा करनी चाहिए। वे 20 साल की ही नहीं, बल्कि कोरोना के बाद से अब तक की संपत्ति ही घोषित कर दें।

सपा विधायक ने कहा कि 11 दिसंबर को महापंचायत में कोने-कोने से लोग जुटेंगे। यह लड़ाई बहुत बड़ी है। फर्जी अस्पतालों पर अंकुश लगाया जाए। सरकारी अस्पतालों से मरीजों को उठाकर निजी अस्पतालों में भर्ती कराया जाता है। अस्पतालों में डॉक्टर ऐसी दवाएं लिखें, जिसे तीमारदार कहीं से खरीद सकें। लोगों को महंगे इलाज और महंगी शिक्षा से निजात दिलाने के लिए आंदोलन किया जा रहा है। यह आंदोलन मांग पूरी होने तक जारी रहेगा।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   8 Dec 2023 3:51 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story