Bihar CM Oath: आज होगा सम्राट चौधरी का राजतिलक, बिहार में बीजेपी के पहले सीएम होंगे, ये दो नेता ले सकते हैं डिप्टी सीएम की शपथ

आज होगा सम्राट चौधरी का राजतिलक, बिहार में बीजेपी के पहले सीएम होंगे, ये दो नेता ले सकते हैं डिप्टी सीएम की शपथ
  • आज सुबह 11 बजे शपथ लेंगे सम्राट चौधरी
  • बिहार में पहली बार बीजेपी का सीएम बना
  • जल्द होगा कैबिनेट का विस्तार

डिजिटल डेस्क, पटना। आज से बिहार में सम्राट युग की शुरुआत होने वाली है। बिहार बीजेपी के वरिष्ठ नेता और तारापुर विधानसभा से विधायक सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। इसके साथ ही बिहार की सियासत में यह पहली बार होगा जब बीजेपी का कोई नेता मुख्यमंत्री बनेगा।दरअसल, अपनी स्थापना (1980) से लेकर अभी तक बीजेपी बिहार सरकार में सहयोगी दल के रूप में रही है। उसके कोटे से सरकार में कई बार डिप्टी सीएम भी बन चुके हैं, मुख्यमंत्री पहली बार कोई बन रहा है। इस तरह से आज शपथ लेने के साथ ही सम्राट चौधरी अपने नाम एक अनोखा कीर्तमान दर्ज कर लेंगे।

ये ले सकते हैं डिप्टी सीएम की शपथ

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सीएम के साथ ही दो डिप्टी सीएम भी शपथ लेंगे। ये दोनों नेता ही जेडीयू के होंगे। इसमें विजय चौधरी और विजेंद्र यादव का नाम सबसे ऊपर चल रहा है। बता दें कि विजय चौधरी और विजेंद्र यादव नीतीश कुमार के करीबी माने जाते हैं। बात करें विजय चौधरी की तो वह एनडीए सरकार में विधानसभा अध्यक्ष जैसा अहम पद संभाल चुके हैं। अगर वह डिप्टी सीएम बनते हैं तो यह उनका पहला मौका होगा। वहीं विजेंद्र यादव भी एनडीए सरकार में मंत्री रह चुके हैं।

इससे पहले मंगलवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पद से इस्तीफा देने के बाद सम्राट चौधरी को विधान मंडल का नेता चुना गया। इसके बाद उन्होंने राज्यपाल सैयद अता हसनैन से मुलाकात की और सरकार बनाने का दावा पेश किया। वह आज (बुधवार, 15 अप्रैल) सुबह 11 बजे बिहार के 24वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे।

कैबिनेट विस्तार कब होगा?

सीएम और डिप्टी सीएम की शपथ लेने के बाद कैबिनेट विस्तार कब होगा, इसको लेकर बातें चलने लगी हैं। इस बीच आने वाले कुछ ही दिनों में कैबिनेट विस्तार होने की खबरें सामने आई हैं। कहा जा रहा है कि इसके बाद मंत्रियों के बीच उनके विभागों का बंटवारा कर दिया जाएगा।

Created On :   15 April 2026 12:58 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story