Rahul Gandhi vs EC: राहुल गांधी के सपोर्ट में उतरे सपा सांसद वीरेंद्र सिंह, BJP पर जनता के वोट चोरी करने का लगाया आरोप

- राहुल गांधी के सपोर्ट में उतरे सपा सांसद वीरेंद्र सिंह
- भाजपा पर जनता के वोट चोरी करने का लगाया आरोप
- आरएसएस पर भी जमकर साधा निशाना
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने 'वोट चोरी' और एसआईआर के विरोध में 'वोटर अधिकार यात्रा' निकाली है। इसके लिए समाजवादी पार्टी के सांसद वीरेंद्र सिंह ने राहुल गांधी का समर्थन किया है।
राहुल गांधी के सपोर्ट में उतरे वीरेंद्र सिंह
सपा सांसद वीरेंद्र सिंह ने आईएएनएस से बातचीत के दौरान कहा कि एसआईआर एक ऐसा मुद्दा है, जो जनता के अधिकार से जुड़ा है। बाबा साहेब अंबेडकर ने संविधान में हर नागरिक को वोट का अधिकार दिया है। भारतीय जनता पार्टी एसआईआर के जरिए वोट की चोरी करके जनता को अधिकारों से वंचित कर रही है, इसलिए यह जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के जरिए लोगों को अपने अधिकारों के प्रति सचेत किया जा रहा है। जनता से 'वोट चोरी' करने वालों से सजग रहने और ऐसे लोगों को करारा जवाब देने की अपील की जा रही है।
भाजपा और आरएसएस पर जमकर साधा निशाना
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी को अब पार्टी से जुड़े लोगों और एनडीए के घटक दलों के लोगों पर भरोसा नहीं है, वह आरएसएस से जुड़े लोगों को ही संवेदनशील पदों पर बैठाना चाहती है। इस देश का संचालन भाजपा नहीं कर रही है, यह एक मुखौटा है। आरएसएस पर्दे के पीछे से इस देश का संचालन कर रहा है।
वहीं, शिवसेना (यूबीटी) विधायक भास्कर जाधव ने कहा कि चुनाव आयोग कहता रहता है, 'यह नहीं हुआ, वह नहीं हुआ,' लेकिन क्या हुआ? हमें बताइए। आपने 65 लाख मतदाताओं को हटा दिया, वे कौन थे? अगर यह मामला जनता की अदालत में जाता है, और अगर कांग्रेस ने आज इसे उठाया है, तो इसका समर्थन किया जाना चाहिए।
Created On :   18 Aug 2025 12:54 AM IST