बिहार विधानसभा चुनाव 2025: विपक्ष द्वारा मतदाता सूची संशोधन के खिलाफ 'बिहार बंद' पर सत्तापक्ष के नेताओं ने साधा निशाना, चुनाव आयोग ने भी एक्स पर साझा की पोस्ट

- विपक्ष द्वारा बिहार में मतदाता सूची संशोधन के खिलाफ 'बिहार बंद'
- कल सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई है और आज विपक्ष सड़कों पर दबाव बना रहा हैं-रविशंकर
- महाराष्ट्र में कांग्रेस पार्टी की हार, बिहार में कांग्रेस अपना जनाधार खो चुकी है- केसी त्यागी
डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार में साल 2025 के अंतिम महीनों में चुनाव होना प्रस्तावित है, उससे पहले यहां सियासी बयानबाजी और हमले जारी है। पक्ष -विपक्ष एक दूसरे पर निशाना साध रहा है। चुनाव से कुछ महीने पहले ही चुनाव आयोग की ओर से की जा रही मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर विपक्षी गठबंधन सोशल मीडिया से लेकर सड़क पर चुनाव आयोग का विरोध कर रहा है। आज विपक्षी दल ईसी के विरोध में सड़कों पर उतरा हुआ है। विपक्षी दल चुनाव आयोग और सत्तारूढ़ के मिले होने के साथ चुनाव में धांधली तक के आरोप लगा रही है। दूसरी तरफ सत्तापक्ष के गठबंधित दल विरोधियों पर निशाना साध रहे है।
भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने विपक्ष द्वारा बिहार में मतदाता सूची संशोधन के खिलाफ 'बिहार बंद' पर कहा, "क्या विपक्ष चाहते हैं वोटर लिस्ट में वो लोग रहें जिन्हें नहीं रहना चाहिए, जो घुसपैठिए हैं? क्या यह सच नहीं है कि रोहिंग्या या अन्य गलत तरीके से अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज़ करा लेते है? संकेत यही है कि जो भी गलत तरीके से मतदाता बन गया उनके कंधों पर ये अपनी सियासत करना चाहते हैं। कल सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई है और आज आप सड़कों पर दबाव बना रहे हैं। विपक्ष का ये रवैया गंभीर सवाल खड़े करता है।
राहुल गांधी के बिहार दौरे पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा, "बिहार की समस्या से उनको कोई लेना देना नहीं है। वे पिकनिक मनाने आए थे। बिहार के विकास में इनका कोई योगदान नहीं है। बिहार में अच्छी प्रगति देखी होगी।
जेडीयू नेता के.सी. त्यागी ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के बयान पर कहा, "जिस तरह महाराष्ट्र में कांग्रेस पार्टी की हार हुई है, बिहार में भी उनका और बुरा हाल होगा कांग्रेस अपना जनाधार खो चुकी है। आरजेडी नेता तेजस्वी यादव के बयान पर उन्होंने कहा, "RJD प्रमुख और उनके बेटे नतीजों के बाद RJD गठबंधन के बुरे दिनों की आशंका से चिंतित हैं। नीतीश कुमार स्वस्थ हैं और NDA बंपर वोटों से जीतने जा रहा है।
निर्वाचन आयोग ने भी एक्स अकाउंट पर भारत के संविधान के अनुच्छेद 326 को पोस्ट किया है।
बीजेपी नेता सैयद शाहनवाज हुसैन ने कहा चुनाव आयोग को महागठबंधन के लोग टारगेट कर रहे हैं। सुबह से ही बिहार बंद का आह्वान करके लोगों को परेशान करने का काम इन्होंने किया है। जनता इनके साथ नहीं है। सिर्फ राजद और कांग्रेस के कार्यकर्ता ये हरकत कर रहे हैं। बिहार की जनता ने बिहार बंद को नकार दिया है। कोई इनके साथ नहीं है।
Created On :   9 July 2025 3:23 PM IST