CJP 'Kya Bolti Public' Campaign: क्या है कॉकरोच जनता पार्टी का 'क्या बोलती पब्लिक' कैंपेन? सिंतबर से पूरे देश में चलाएगी पार्टी

डिजिटल डेस्क, संभाजीनगर। कॉकरोच जनता पार्टी सितंबर से देशभर में ‘क्या बोलती पब्लिक’ अभियान चलाएगी। पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके ने गुरुवार को संभाजीनगर में इसका ऐलान किया। इस कैंपन के तहत कॉकरोच जनता पार्टी देश के गांव-शहर में जाकर युवाओं से बात करेगी।
बेरोजगारी और महंगी शिक्षा को बनाएंगे मु्द्दा
दीपके ने कहा कि वह अभियान के दौरान बेरोजगारी और महंगी शिक्षा को मुद्दा बनाएंगे। उन्होंने कहा, बेरोजगारी देश की सबसे बड़ी समस्याओं में से एक है और इसे देशव्यापी मुद्दा बनाया जाएगा। हम शिक्षा सुधारों पर काम करेंगे। शिक्षा को मुनाफा कमाने का जरिया बना दिया गया है, लेकिन हम इस व्यवस्था को बदलना चाहते हैं।
राजनीतिक दल नहीं बनेगा CJP
दीपके ने बताया कि CJP देश के स्कूल, कॉलेज और कोचिंग की बढ़ी हुई फीस को कम करवाने के लिए काम करेगी। बेरोजगारी को राष्ट्रीय स्तर का मुद्दा बनाया जाएगा। वहीं, चुनाव आयोग, न्यायपालिका और मीडिया जैसी संस्थाओं में जनता का भरोसा बहाल करने के लिए दबाव बनाया जाएगा।
इसके साथ ही दीपके ने कहा कि कॉकरोच जनता पार्टी कोई राजनीतिक पार्टी नहीं बनेगी, बल्कि देश के लोकतांत्रिक संस्थानों और शासन में जवाबदेही तय करने के लिए एक मजबूत प्रेशर ग्रुप के तौर पर काम करेगी।
यह भी पढ़े -छात्र आंदोलन को बताया संवाद का तरीका, शिक्षा बजट बढ़ाने का किया समर्थन, LGBTQ पर कही ये बात
नेशनल वर्किंग कमेटी का हुआ ऐलान
इससे पहले कॉकरोच जनता पार्टी ने नेशनल वर्किंग कमेटी के नामों की घोषणा की। अभिजीत दीपके राष्ट्रीय संयोजक, आशुतोष रांका और सौरव दास सह-राष्ट्रीय संयोजक होंगे। इनके अलावा अजिंक्य शिंदे राष्ट्रीय संगठन प्रभारी, दीपक बलियान सह-संगठन प्रभारी, आफरीन नवाज नेशनल सेक्रेटरी, विजय रेड्डी मल्लांगी मीडिया प्रमुख, रत्नी सिंह कानूनी मामलों की प्रमुख, वैष्णवी गौर रिसर्च एंड पॉलिसी लीड, रोहन देशपांडे टेक्नोलॉजी लीड और योगेश इंगले फाइनेंस लीड होंगे।
Created On :   7 Aug 2026 1:57 AM IST












