Abhijit Dipke News: राजनीति में अभिजीत दिपके की एंट्री? सीजेपी संस्थापक ने खुद दिया चौंकाने वाला बयान, युवाओं की राय के बाद लेंगे फैसला

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देशभर में चर्चा में आई कॉकरोच जनता पार्टी अब अपने अगले पड़ाव की तैयारी में जुटी हुई है। जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन के बाद पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने अपने साथियों के साथ बैठक बुलाने का फैसला किया है। यह बैठक उनके घर पर ही दो दिनों तक चलने वाली है। इसमें आंदोलन को आगे बढ़ाने और लोगों तक अपनी बात रखने की योजना पर चर्चा की जाएगी। साथ ही पार्टी ने ये भी बताया है कि भले ही वे कोई राजनीतिक पार्टी नहीं बनाएंगे लेकिन देश में एक प्रेशर ग्रुप होना बहुत ही जरूरी है। ऐसे में चलिए प्रेशर ग्रुप के बारे में भी जानते हैं।
क्या है प्रेशर ग्रुप, जिसकी बात कर रही है सीजेपी?
अभिजीत दिपके का कहना है कि अभी उनका उद्देश्य चुनाव लड़ना नहीं है। वे पहले एक ऐसी पार्टी बनाना चाहते हैं जो सरकार और नेताओं के सामने लोगों, खासकर युवाओं की समस्याएं मजबूती से रख सके। ऐसी पार्टी को ही प्रेशर ग्रुप कहा जाता है। इसका काम किसी राजनीतिक पार्टी की तरह चुनाव लड़ना नहीं होता, बल्कि जनता की मांगों को उठाना, सरकार से जवाब मांगना और फैसलों पर असर डालने की कोशिश करना होता है।
युवाओं की राय बहुत ही अहम
अभिजीत दिपके का कहना है कि उनकी सबसे अहम कोशिश युवाओं की आवाज को सामने लाना है। उनका यह भी मानना है कि आज के समय में युवा किन मुद्दों को सबसे ज्यादा अहम मानते हैं, यह समझना बहुत ही जरूरी है। इस वजह से ही बैठक में इस बात पर भी चर्चा होगी कि आने वाले किन विषयों पर काम किया जा सकता है और लोगों तक किस तरह पहुंचा जाए।
यह भी पढ़े -केंद्रीय मंत्री एचडी कुमारस्वामी ने सीडब्ल्यूजी 2026 में ब्रॉन्ज जीतने वालीं शिल्पा शायला को किया सम्मानित
चुनाव लड़ेंगे दिपके?
अभिजीत दिपके का साफ तौर पर कहना है कि अभी उनका चुनाव लड़ने का कोई भी इरादा नहीं है। उनका कहना है कि इस वक्त उनकी प्राथमिकता किसी राजनीतिक दौड़ा का हिस्सा बनना नहीं है, बल्कि लोगों के बीच एक अहम सामाजिक अभियान चलाना है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा है कि अगर आने वाले भविष्य में बड़ी संख्या में लोग चाहते हैं कि वे चुनाव लड़ें, तो इस पर विचार किया जा सकता है। अभिजीत का यह भी कहना है कि देश के कई युवाओं का भरोसा नेताओं, अदालतों और मीडिया पर पहले जैसा नहीं रहा है। ऐसी स्थिति में सबसे पहले लोगों का विश्वास वापस लाने की जरूरत है। उनके अनुसार, एक ऐसा जन आंदोलन होना चाहिए जो जिम्मेदारी और जवाबदेही की बात करे।
यह भी पढ़े -वैश्विक अस्थिरता के बीच कोरियाई प्रायद्वीप में शांति और स्थिरता बनाए रखना सबसे जरूरी ली जे-म्युंग
आगे क्या होगा?
बैठक में शामिल होने वाले मेंबर्स आने वाले दिनों की पूरी योजना तैयार करने वाले हैं। इसमें यह तय होगा कि आंदोलन को किस दिशा में ले जाना है और युवाओं से जुड़ने के लिए कौन-कौन से कदम उठाए जाएंगे। अभिजीत का कहना है कि अगर उनकी पहल लगातार लोगों के मुद्दे उठाती रही और जनता का साथ मिला तो भविष्य में बड़े फैसले भी लिए जा सकते हैं।
Created On :   5 Aug 2026 1:41 PM IST













