UP Politics: 2027 चुनाव के बाद क्या करेंगे CM योगी? PM पद की अटकलों पर CM ने कही अपने मन की बात

2027 चुनाव के बाद क्या करेंगे CM योगी? PM पद की अटकलों पर CM ने कही अपने मन की बात
सीएम योगी आदित्यनाथ ने 2027 के बाद प्रधानमंत्री पद की चर्चाओं पर कहा कि उनका ध्यान फिलहाल उत्तर प्रदेश की सेवा, विकास और बेहतर शासन पर है।

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लेकर कई तरह की राजनीतिक चर्चाएं चल रही हैं। सबसे ज्यादा चर्चा इस बात की है कि 2027 के बाद उनकी भूमिका क्या होगी और क्या वह राष्ट्रीय राजनीति में बड़ी जिम्मेदारी संभाल सकते हैं। एक इंटरव्यू में योगी आदित्यनाथ से इसी मुद्दे पर सवाल पूछा गया। उन्होंने प्रधानमंत्री पद की दावेदारी को लेकर सीधे तौर पर अपनी बात रखी। सीएम ने कहा कि अभी उनका पूरा ध्यान उत्तर प्रदेश की सेवा और राज्य को आगे बढ़ाने पर है। उन्होंने चुनावी गठबंधन, अयोध्या, काशी, मथुरा और विकास से जुड़े सवालों पर भी अपनी बात रखी है।

प्रधानमंत्री बनने के सवाल पर क्या बोले योगी?

सीएम योगीसे पूछा गया कि 2027 के बाद वह खुद को राष्ट्रीय राजनीति में कहां देखते हैं और क्या प्रधानमंत्री पद की दौड़ में शामिल होना चाहते हैं। इस पर उन्होंने कहा कि उनके लिए सबसे जरूरी जिम्मेदारी और देशहित है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पार्टी ने उन्हें उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी दी है। वह इसे बड़ी जिम्मेदारी मानते हैं।

सीएम ने कहा कि फिलहाल उनका ध्यान यूपी को आर्थिक, सामाजिक और प्रशासन के मामले में आगे ले जाने पर है। उन्होंने अपने जवाब में प्रधानमंत्री पद की कोई दावेदारी नहीं बताई है।

NDA में सीट बंटवारे पर भी दिया जवाब

2027 के विधानसभा चुनाव में NDA के सहयोगी दलों के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर भी सवाल किया गया। इस पर योगी ने कहा कि सहयोगी दलों के साथ सीट शेयरिंग का फैसला संगठन से जुड़ा विषय है। मुख्यमंत्री के तौर पर उनका काम यह देखना है कि सरकार की योजनाओं का फायदा आम लोगों तक पहुंचे।

काशी-मथुरा पर क्या बोले सीएम?

अयोध्या के बाद काशी और मथुरा पर ध्यान देने के सवाल पर योगी ने कहा कि अयोध्या, काशी और मथुरा यूपी की पुरानी विरासत का हिस्सा हैं। उनके मुताबिक विरासत को बचाने के साथ विकास भी किया जा सकता है। उन्होंने काशी विश्वनाथ धाम का उदाहरण देते हुए कहा कि 2021 में इसके उद्घाटन के बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचे। सीएम के अनुसार इससे नाव चलाने वालों, दुकानदारों, पुजारियों, ऑटो चालकों, होटल और होम स्टे चलाने वाले लोगों को भी काम मिला।

Created On :   20 Sept 2026 11:39 AM IST

Tags

Next Story