मध्यप्रदेश: विकास के हाईवे पर मप्र सबसे आगे, गडकरी ने दी 1 लाख करोड़ के राजमार्ग विकास की मंजूरी

विकास के हाईवे पर मप्र सबसे आगे, गडकरी ने दी 1 लाख करोड़ के राजमार्ग विकास की मंजूरी
सीआरएफ को 1600 करोड़ देने की घोषणा, इसमें से 400 करोड़ विदिशा संसदीय क्षेत्र को मिलेंगे

डिजिटल डेस्क, भोपाल। केंद्रीय सड़क, परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने शनिवार को विदिशा में 4400 हजार करोड़ की लागत से 8 सड़क परियोजनाओं का लोकार्पण एवं भूमि-पूजन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि विकास के हाईवे पर मप्र सबसे आगे है। गडकरी ने मप्र को 1 लाख करोड़ रुपए के राजमार्ग के विकासों को भी मंजूरी देने की बात कही। उन्होंने मंच से ऐलान किया कि सागर-विदिशा- कोटा तक नया ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस हाइवे बनेगा इससे 75 किमी दूरी कम होगी। इस पर 16 हजार करोड़ खर्च आएगा। उन्होंने कहा कि सीआरएफ को 1600 करोड़ देने की घोषणा, इसमें से 400 करोड़ विदिशा संसदीय क्षेत्र को मिलेंगे। गडकरी ने कहा कि हम मप्र के विकास को शक्ति देने के लिए पूरी ताकत से सहयोग देंगे। उन्होंने कहा कि मप्र में केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्रालय के अधीन 2 लाख करोड़ रुपए लागत की राष्ट्रीय राजमार्ग विकस परियोजनाओं पर पहले से ही काम चल रहा है।

गडकरी ने कहा कि हमारे कृषि यंत्र किसानों के द्वारा तैयार ईंधन पर चलने चाहिए। किसानों की आय बढ़ेगी, तो वे गांव से दूर नहीं जाएंगे। उन्होंने कहा कि देश में विकास कार्यों के लिए पैसे की कोई कमी नहीं है, सिर्फ देश में गांव-गरीब-किसानों के लिए ईमानदारी से काम करने वाले कर्मठ लोगों की कमी है। दुनिया हमारे इंजीनियर और डॉक्टर्स का लोहा मानती है। हमारे नॉलेज को वेल्थ में बदलना ही सफलता है। नागपुर शहर में टॉयलेट का पानी बेचने से ही 300 करोड़ मिल जाते हैं। अगर देश को नेता सही मिलें तो वेस्ट भी वेल्थ में बदलता है। देश के विकास का श्रेय जनप्रतनिधियों को नहीं, उन्हें चुनने वाली जनता को जाता है।

रायसेन में बनेगा मेडिकल कॉलेज - मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि केंद्रीय मंत्री गडकरी ने दिल्ली में बैठक के दौरान मप्र को 20 हजार करोड़ रुपए की राजमार्ग विकास परियोजनाओं की सौगात दी है। वे प्रण के पक्के हैं, उन्होंने मुंबई में समुद्र के ऊपर पुल बनवा दिया है। सिंगरौली में पहाड़ के बीच से रोड निकल रहा है। उन्होंने गडकरी से मांग की कि आगरा-ग्वालियर-भोपाल-नागपुर तक 500 किमी से अधिक दूरी का एक नया नेशनल हाईवे (ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस वे) बनाने की आवश्यकता है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अलग-अलग क्षेत्रों में 50 सड़कों के निर्माण के लिए 4500 करोड़ रुपए की भी मांग की, जिसे केंद्रीय मंत्री ने तत्काल मंजूरी दे दी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि रायसेन में मेडिकल कॉलेज खोला जाएगा, इसके लिए सभी जरूरी प्रक्रियाएं जल्द पूरी की जाएगी।

किसान एथेनॉल का उत्पादन- चौहान

केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि किसान कल्याण के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। किसानों को अन्नदाता के साथ ऊर्जादाता, हवाई ईंधनदाता और डामरदाता भी बनाना हमारा लक्ष्य है। नागपुर में किसान एथेनॉल का उत्पादन कर रहे हैं। भारत 22 लाख करोड़ रुपए का तेल आयात करता है। भोपाल एयरपोर्ट पर आज इलेक्ट्रिक कार देखकर खुशी हुई। देश में अब हाइड्रोजन कार पर कार्य किया जा रहा है।

गडकरी की महत्वपूर्ण घोषणाएं

- 16 हजार करोड़ से सागर-विदिशा-कोटा तक नया ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस वे बनेगा। ाया जाएगा। इससे सागर से कोटा के बीच की दूरी 75 किमी तक कम हो जाएगी।

- नसरुल्लागंज (भैरूंदा)-बुधनी रोड को 4 लेन राष्ट्रीय राजमार्ग के रूप में विकसित किया जाएगा।

- मप्र में अलग-अलग 50 सड़कों के निर्माण के लिए 4500 करोड़ रुपए देंगे। जरूरत पड़ी तो और भी पैसा देंगे।

- विदिशा में 4 हजार करोड़ रुपए लागत से उत्तरी बायपास बनाया जाएगा।

- 40 हजार करोड़ रुपए की लागत से ग्वालियर-भोपाल-नागपुर को जल्द मंजूरी मिलेगी, जो आगे जाकर हैदराबाद को भी कनेक्ट करेगा।

- सिंहस्थ के लिए उज्जैन-झालावाड़ 2500 करोड़ रुपए की लागत से हाई-वे सहित अन्य रोड भी बनाए जाएंगे।

- सीआरएफ योजना में मप्र को सड़क विकास कार्यों के लिए 1600 करोड़ रुपए दिए जाएंगे। इसमें से 400 करोड़ रुपए विदिशा लोकसभा संसदीय क्षेत्र के लिए होंगे।

- प्रदेश को 20 अन्य ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटर्स के प्रस्तावों को भी जल्द मंजूरी देंगे।

- अटल एक्सप्रेस-वे से जुड़े सभी विकास कार्यों को मंजूरी देंगे।

- गोपालपुर से भैरुंदा तक सड़क मार्ग को भूमि अधिग्रहण के बाद व्हाइट टॉपिंग क्रॉन्क्रीट से बनाएंगे।

Created On :   18 Jan 2026 7:27 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story