- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- ओरछा में भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति...
MP News: ओरछा में भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक, संगठन को मजबूत करने और आगामी राजनीतिक रणनीति पर दो दिन चलेगा मंथन

डिजिटल डेस्क, भोपाल। भारतीय जनता पार्टी मध्यप्रदेश की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति बैठक रविवार से रामराजा सरकार की पावन नगरी ओरछा, जिला निवाड़ी में शुरू हुई। बैठक में पूर्व गृहमंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा भी शामिल हुए। वे अन्य नेताओं के साथ दो दिन ओरछा में रहेंगे। होटल राजमहल/राज विलास में आयोजित बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व के साथ प्रदेश पदाधिकारी, कार्यसमिति सदस्य, जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी, संभाग प्रभारी एवं मोर्चा अध्यक्ष सहित वरिष्ठ नेता भाग ले रहे हैं।
बैठक में संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने के साथ बूथ सशक्तिकरण, संगठन विस्तार, प्रशिक्षण, आगामी कार्यक्रमों और राजनीतिक रणनीति जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर मंथन किया जा रहा है। आगामी संगठनात्मक कार्ययोजना को लेकर भी प्रदेश नेतृत्व द्वारा दिशा तय किए जाने की संभावना है।
यह भी पढ़े -बालाघाट अब वो 'बालाघाट' नहीं, सीएम डॉ. यादव बोले- 225 करोड़ से एक साथ बदलेंगे 100 गांवों की तस्वीर
बैठक में राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया तथा केंद्रीय कार्यालय प्रभारी एवं सांसद तरुण चुघ सहित प्रदेश सरकार के मंत्री और पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद हैं। ओरछा में हो रही इस बैठक को संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दो दिनों तक चलने वाले विचार-विमर्श में पार्टी की आगामी गतिविधियों और राजनीतिक दिशा को लेकर अहम फैसले लिए जाने की संभावना हैं।
Created On :   30 Aug 2026 1:11 PM IST













