MP News: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेशवासियों को मध्यप्रदेश के स्थापना दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेशवासियों को मध्यप्रदेश के स्थापना दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी। सीएम डॉ मोहन यादव ने कहा आज के इस गौरवशाली अवसर पर प्रदेश ने एक और महत्वपूर्ण संकल्प लिया है। 1 नवंबर से 15 जनवरी तक विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से सेना के शौर्य, पराक्रम और पुरुषार्थ को प्रदर्शित करने वाले आयोजन होंगे। पहली बार भोपाल की धरती पर सेना दिवस के माध्यम से भारतीय सेना के अदम्य साहस और पराक्रम का भव्य प्रदर्शन किया जाएगा।
यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की विकास यात्रा में महिला, युवा, गरीब और किसान इन चार प्रमुख वर्गों को विशेष प्राथमिकता दी है। इसी भावना के अनुरूप हमारी सरकार ने भी अपने पांच वर्षों के कार्यकाल में प्रत्येक वर्ष को एक विशेष वर्ग के कल्याण के लिए समर्पित करने का संकल्प लिया है। वर्ष 2026 को "किसान कल्याण वर्ष" के रूप में मनाया जा रहा है, जबकि आगामी वर्ष 2027 "युवा वर्ष" होगा। यह हम सभी के लिए सौभाग्य का विषय है कि युवा वर्ष की शुरुआत भारतीय सेना के शौर्य, पराक्रम और पुरुषार्थ के भव्य प्रदर्शन के साथ होगी। सेना दिवस का आयोजन प्रदेश के युवाओं के लिए एक प्रेरणादायी सौगात बनेगा।
आज के इस विशेष अवसर पर भारतीय सेना और एनसीसी ने एक अनूठी एवं सराहनीय पहल की है। प्रदेश के सभी 55 जिलों से मिट्टी एकत्रित कर विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। आज सभी जिलों की मिट्टी से भरे कलश एकत्रित कर पौधरोपण के दौरान उनमें मिट्टी अर्पित की गई। यह पहल मध्यप्रदेश की एकता, अखंडता और सामूहिक सहभागिता का प्रतीक है। मैं भारतीय सेना की इस अभिनव कल्पना और प्रयास के लिए उन्हें हृदय से बधाई देता हूं। यह आयोजन प्रदेश के स्थापना दिवस को राज्य की प्रगति के साथ-साथ भारतीय सेना के शौर्य और पराक्रम से जोड़ने का एक अनूठा अवसर है।
स्थापना दिवस के अवसर पर आज सायंकाल प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मंत्रिपरिषद के सदस्यों को अलग-अलग जिलों की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जहां वे जिला स्तरीय स्थापना दिवस समारोहों में सहभागिता करेंगे। किसान कल्याण वर्ष अंतर्गत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं कार्यक्रमों के विजेताओं को पुरस्कार भी वितरित किए जाएंगे।
Created On :  



