मध्य प्रदेश: प्रदेश की कांग्रेस सरकार गिराने का दोषी कौन ? सवाल पर यादव का जवाब

प्रदेश की कांग्रेस सरकार गिराने का दोषी कौन ? सवाल पर यादव का जवाब
छोड़कर भागना तो सिंधिया परिवार का खानदानी रिवाज - अरुण यादव

डिजिटल डेस्क, भोपाल। पूर्व केन्द्रीय मंत्री अरूण यादव ने केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया पर बड़ा हमला बोला है। अरूण यादव ने कहा कि मोर्चा छोड़कर भागना अथवा सरकार गिराना सिंधिया का खानदानी रिवाज है। उक्त आरोप बुधवार को अरुण यादव ने मीडिया से चर्चा करते हुए लगाये। दमोह में प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि सिंधिया के बारे में तो मैंने कई बार कहा है कि उनका तो खानदानी रिवाज है। कोई नई बात नहीं। इनका इतिहास तो अंग्रेजों के जमाने का है।

इन दिनों अरुण यादव कांग्रेस की जन आक्रोश यात्रा को आगे बढ़ा रहे है। मंगलवार को उन्होंने बांदकपुर से इस यात्रा का शुभारंभ किया था और बुधवार को पथरिया विकासखंड में उनकी यात्रा शुरू हुई।

इसके पहले उन्होंने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की जहां उन्होंने अपनी यात्रा की जानकारी दी और भाजपा की जन आशीर्वाद यात्रा को लेकर कई आरोप लगाये। इसी बीच जब उनसे एक सवाल किया गया की प्रदेश की कांग्रेस सरकार को गिराने के लिए वह किसे दोषी मानते हैं? दिग्विजय सिंह, ज्योतिरादित्य सिंधिया या फिर कोई और... जवाब में यादव ने कहा कि जो चले गए अब वह चर्चा का विषय नहीं है। जो गए हैं उससे उनकी नियत साफ समझ में आती है और सिंधिया के बारे में तो मैंने कई बार कहा है। उनका तो खानदानी रिवाज है, कोई नई बात नहीं। इनका इतिहास तो अंग्रेजों के जमाने का है।


हमारी घोषणाओं को कॉपी पेस्ट कर रही भाजपा

अरुण यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेस मे बताया कि महिला बिल का मुद्दा हमारा है। उसे हमने उठाया था, इसलिए हम उसका समर्थन कर रहे है। मुख्यमंत्री शिवराज के पास प्रवेश की जनता के लिए अब कुछ नहीं है इसलिए जब भी हम कोई घोषणा करते हैं वे उसे तुरंत कॉपी पेस्ट कर जनता को परोस देते है। उन्होंने कहा, जैसे ही हमने सिलेंडर के दाम कम करने की बात कही तो उन्होने अपना पूरा ध्यान उसी पर केन्द्रित कर दिया । नारी सम्मान योजना लेकर हम आये, उसे लाडली बहना योजना बनाकर उन्होने उसे कॉपी पेस्ट कर दिया। हम उनसे जानना चाहते हैं 18 साल मिले थे, तब आपको किसने रोका था। आप जो चाहे कर सकते थे, लेकिन तब कुछ नहीं किया। अब हम जानना चाहते हैं कि कितने बेरोजगार युवाओं को रोजगार किया, कितनी बहने की सुरक्षा की।

Created On :   20 Sep 2023 7:46 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story