MP News: 1 करोड़ की कमाई, 3.78 करोड़ का खर्च! जबलपुर में वाणिज्यिक कर अधिकारी के घर लोकायुक्त का छापा

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश के जबलपुर में लोकायुक्त की टीम ने वाणिज्यिक कर अधिकारी मनीष कुमार जैन के घर छापा मारा है। उन पर अपनी कमाई से ज्यादा संपत्ति जुटाने का आरोप है। लोकायुक्त को मिली शिकायत की जांच में शुरुआती तौर पर मामला सही पाया गया। इसके बाद भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया। बता दें कि, 27 अक्टूबर 2026 की सुबह 6 बजे से यह कार्रवाई शुरू हुई है। अब तक की जांच में अधिकारी और उनके परिवार के नाम पर कई जमीन, मकान, फ्लैट, वाहन और बीमा पॉलिसी की जानकारी सामने आई है। जांच के मुताबिक, मनीष जैन की कुल आय करीब 1.03 करोड़ रुपये है, जबकि उनके खर्च और संपत्ति पर करीब 3.78 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।
यह भी पढ़े -नगरीय निकायों में महंगे दाम पर खरीदी करने वाले 7 अधिकारी बर्खास्त, 135 सीएमओ सहित 392 के खिलाफ कार्रवाई
शिकायत के बाद जांच शुरू
आपको बता दें कि, मनीष कुमार जैन वाणिज्यिक कर विभाग में अधिकारी हैं। फिलहाल वे दमोह में पदस्थ हैं। उनके खिलाफ आय से ज्यादा संपत्ति जुटाने की शिकायत लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक अंजूलता पटले को मिली थी। शिकायत की जांच निरीक्षक बृज मोहन सिंह नरवरिया ने की है। शुरुआती जांच में शिकायत सही पाए जाने के बाद मामला दर्ज किया गया। इसके बाद उनके जबलपुर स्थित घर पर छापा मारा गया है।
परिवार के नाम पर मिली संपत्ति
लोकायुक्त की अब तक की जांच में मनीष जैन, उनकी पत्नी निधि जैन, पिता कोमल चंद जैन और मां शशि जैन के नाम पर कई संपत्तियों की जानकारी मिली है।
जबलपुर में जमीन: मनीष जैन के नाम पर 278.74 वर्ग मीटर जमीन मिली है। इसकी अनुमानित कीमत 1 करोड़ 43 लाख 60 हजार 880 रुपये बताई गई है।
पत्नी के नाम पर जमीन: निधि जैन के नाम पर जबलपुर में 116.14 वर्ग मीटर के दो प्लॉट दर्ज हैं। दोनों की कीमत करीब 9.56 लाख रुपये प्रति प्लॉट बताई गई है।
भोपाल में बंगला: निधि जैन के नाम पर 180 वर्ग मीटर जमीन है, जिस पर बंगला बना हुआ है। इसकी अनुमानित कीमत 22 लाख 87 हजार 126 रुपये बताई गई है।
पत्नी के नाम पर एक और प्लॉट: 402.41 वर्ग मीटर के इस प्लॉट की अनुमानित कीमत करीब 13 लाख 68 हजार 550 रुपये बताई गई है।
भोपाल में फ्लैट: निधि जैन के नाम पर 83.18 वर्ग मीटर का फ्लैट मिला है। इसकी कीमत करीब 13 लाख 34 हजार 630 रुपये बताई गई है।
मां के नाम पर मकान: शशि जैन के नाम पर सागर जिले के बंडा में 92.93 वर्ग मीटर का प्लॉट है, जिस पर मकान बना है। इसकी अनुमानित लागत 23 लाख 49 हजार 140 रुपये बताई गई है।
पिता के नाम पर मकान: कोमल चंद जैन के नाम पर बंडा में 91.07 वर्ग मीटर के प्लॉट पर मकान बना है। इसकी अनुमानित लागत 43 लाख 19 हजार 388 रुपये बताई गई है।
पिता के नाम पर एक और मकान: 111.48 वर्ग मीटर के प्लॉट पर बने इस मकान की अनुमानित लागत 2 लाख 86 हजार 485 रुपये बताई गई है।
कार, स्कूटर और बीमा पॉलिसी भी जांच के दायरे में
जांच में निधि जैन के नाम पर मारुति स्विफ्ट कार और सुजुकी एक्सेस स्कूटर की जानकारी भी मिली है। दोनों वाहनों की अनुमानित कीमत कुल 5 लाख 10 हजार रुपये बताई गई है। इसके अलावा मनीष जैन और उनके परिवार के सदस्यों के नाम पर बीमा पॉलिसियां भी मिली हैं। इन पर करीब 33 लाख 93 हजार 986 रुपये खर्च होने की जानकारी दी गई है।
आय से ज्यादा खर्च का मामला
लोकायुक्त की शुरुआती जांच के अनुसार, मनीष कुमार जैन की कुल आय 1 करोड़ 3 लाख 73 हजार 317 रुपये आंकी गई है। वहीं, अब तक सामने आए खर्च और संपत्ति का कुल मूल्य 3 करोड़ 78 लाख 25 हजार 707 रुपये बताया गया है। जांच के मुताबिक, यह रकम उनकी कुल आय का करीब 264.64 प्रतिशत है। यानी उनकी आय के मुकाबले खर्च और संपत्ति का मूल्य काफी ज्यादा पाया गया है। फिलहाल छापे की कार्रवाई और मामले की जांच जारी है।
यह भी पढ़े -कांग्रेस ने गिनाई भोपाल मास्टर प्लान की खामियां, भाजपा-कांग्रेस शासनकाल के गिनाए फायदे - नुकसान
लोकायुक्त की तीन टीमें कार्रवाई में शामिल
छापे की कार्रवाई के लिए तीन टीमें बनाई गई हैं।
पहली टीम: उप पुलिस अधीक्षक नीतू त्रिपाठी, निरीक्षक बृजमोहन सिंह नरवरिया, राहुल गजभिये और अन्य सदस्य।
दूसरी टीम: उप पुलिस अधीक्षक रेखा प्रजापति, निरीक्षक शशि मस्कुले, निरीक्षक जितेंद्र यादव और अन्य सदस्य।
तीसरी टीम: निरीक्षक रजनी तिवारी और अन्य सदस्य।
मालूम हो कि, लोकायुक्त की टीम छापे के दौरान मिली संपत्ति और दस्तावेजों की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की जानकारी सामने आएगी।
Created On :  
