MP News: एनएबीएच खत्म करने और बकाया पेमेंट को लेकर प्राइवेट हॉस्पिटल 8 से करेंगे आयुष्मान योजना का बहिष्कार

एनएबीएच खत्म करने और बकाया पेमेंट को लेकर प्राइवेट हॉस्पिटल 8 से करेंगे आयुष्मान योजना का बहिष्कार
1000 एंबुलेंस के साथ दिल्ली जाएंगे प्राइवेट हॉस्पिटल के डॉक्टर

डिजिटल डेस्क, भोपाल। नेशनल एक्रीडेशन बोर्ड फॉर हॉस्पिटल्स एंड हेल्थकेयर प्रोवाइडर्स (एनएबीएच) की अनिवार्यता को खत्म करने और बकाया भुगतान को लेकर मप्र के प्राइवेट हॉस्पिटल आयुष्मान योजना के विरोध में उतर आए हैं। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) मध्य प्रदेश और यूनाइटेड प्राइवेट हॉस्पिटल्स डायरेक्टर्स एसोसिएशन (यूपीएचडीए) ने कहा है कि 8 अक्टूबर से वे आयुष्मान योजना का बहिष्कार करेंगे। हॉस्पिटल संगठन लगातार एनएबीएच को स्वैच्छिक करने की मांग को लेकर विरोध जता रहे हैं। यूपीएचडीए के प्रदेश अध्यक्ष डॉ विशाल बघेल ने कहा है कि यदि 8 अक्टूबर से पहले सरकार ने समस्याओं का ठोस और लिखित समाधान नहीं निकला तो प्रदेशभर में आयुष्मान भारत योजना का अनिश्चितकालीन बहिष्कार शुरू किया जाएगा। इसके साथ ही करीब 1000 एम्बुलेंस के साथ मप्र के डॉक्टर विरोध में दिल्ली जाएंगे। भोपाल के ज्यादातर हॉस्पिटल का आयुष्मान योजना का औसत डेढ़ से 2 करोड़ रुपए तक बकाया है। संगठनों ने अस्पताल में टीएटी, प्रमाणीकरण, दस्तावेजीकरण, ट्रिगर और अन्य तकनीकी कारणों से रिजेक्ट होने वाले क्लेम के लिए पारदर्शी व्यवस्था की मांग की है। संगठनों ने कहा कि वास्तविक धोखाधड़ी के मामलों में कार्रवाई का उनका कोई विरोध नहीं है। लेकिन जहां मरीजों का इलाज नियम अनुसार वास्तविक हुआ है उनकी राशि उपचार के बाद रोकना सही नहीं है। अस्पताल लंबे समय से लंबित भुगतान और नीतिगत व प्रक्रियागत समस्याओं के व्यावहारिक समाधान की मांग कर रहे हैं। लेकिन समस्याओं का संतोषजनक समाधान नहीं हो पाया है। अस्पतालों के लंबित भुगतान और क्लेम संबंधी समस्याओं का समय पर समाधान जरूरी है। इलाज की तरह भुगतान की भी निश्चित समय-सीमा और जवाबदेही तय होनी चाहिए। ताकि अस्पतालों को आर्थिक संकट का सामना न करना पड़े।

दिल्ली कूच करेंगे डॉक्टर

मप्र के डॉक्टर मांगे नहीं माने जाने पर 1000 एंबुलेंस के साथ दिल्ली जाएंगे। हालांकि अभी यह निर्धारित नहीं हुआ है कि कब दिल्ली जाना है। प्रदेश के सभी जिलों में आयुष्मान योजना के तहत एनएबीएच हटाने की मांग को लेकर जानकारी दी जा रही। जल्द ही सरकार से बात करने के बाद यह निर्णय लिया जाएगा कि कब दिल्ली जाना है। फिलहाल सरकार से बात चल रही है।

400 करोड़ के पेमेंट नहीं हुआ

डॉक्टर एसोसिएशन का कहना है कि पुराने पोर्टल का आयुष्मान के तहत हुए इलाज का कई हॉस्पिटल का अब तक पेमेंट नहीं हुआ है। जो कि करीब 400 करोड़ हो सकता है। नया पोर्टल जनवरी 2025 में शुरू किया गया था। उससे पहले के कई हॉस्पिटल के पैसे अटके हुए हैं। जिसकी वजह से हॉस्पिटलों की हालत खराब हो रही है। डॉक्टर एसोसिएशन का कहना है कि एआई आधारित ऑडिट सही नहीं होती। एआई ने कुछ ऐसे हॉस्पिटलों पर भी कार्रवाई की है जो कि सही थे। उनको ब्लैकलिस्ट कर दिया गया। मरीजों का इलाज होने के बाद पेमेंट के समय ही कमियां निकाली जाती है।

Created On :   6 Oct 2026 1:10 AM IST

Tags

Next Story