- Home
- /
- 224 किसानों के ग्रीष्मकालीन धान के...
224 किसानों के ग्रीष्मकालीन धान के 1 करोड़ 80 लाख रुपए अटके

डिजिटल डेस्क, गोंदिया। महाराष्ट्र मार्केटिंग फेडरेशन द्वारा ग्रीष्मकालीन रबी फसल की धान खरीदी के 224 किसानों के 1 करोड़ 80 लाख 29 हजार 972 रुपए के भुगतान (चुकारे) अभी भी अटके हुए हैं। जिसके कारण यह किसान खरीप सत्र में भी अपनी ही राशि से वंचित हैं। गौरतलब है कि रबी सत्र 2021-22 में महाराष्ट्र मार्केटिंग फेडरेशन के जिले में शुरू किए गए 107 धान खरीदी केंद्रों पर 35 हजार 316 पंजीकृत किसानों से 15 लाख 28 हजार 115 क्विंटल धान खरीदा गया था। जिसकी किमत शासकीय समर्थन मूल्य के अनुसार 296 करोड 45 लाख 43 हजार 449 रूपये होती है।
फेडरेशन के गोंदिया कार्यालय को किसानों को अदा की जानेवाली सारी राशि प्राप्त हो चुकी है। इसके बावजूद अब तक 35 हजार 92 किसानों को 294 करोड 65 लाख 13 हजार 477 रूपयों का भुगतान किया गया है। अभी भी शेष 224 किसानों के 1 करोड 80 लाख रूपये का भुगतान किया जाना बाकी है। इस संबंध में सहायक मार्केटिंग अधिकारी अजय बिसने से जानकारी मांगने पर उन्होंने बताया कि प्रधान कार्यालय की ओर से जिला कार्यालय को किसानों को भुगतान किये जानेवाली सारी राशि प्राप्त हो चुकी हैं।फिर भुगतान क्यों रूका है। यह पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि धान खरीदी संस्थाओं व्दारा ऑनलाईन वेरीफिकेशन नहीं किये जाने के कारण यह भुगतान नहीं हो पाया है। हमारे पास भुगतान के लिये फंड उपलब्ध है। जैसे ही तकनीकी समस्या सुलझ जायेंगी। सभी किसानों के खाते में धान खरीदी की भुगतान की राशि डाल दी जायेंगी। तकनीकी गडबडी के कारण किसानों को उनकी राशि समय पर नहीं मिल पायी है। लेकिन हमारे व्दारा प्रयास किया जा रहा है कि जल्द से जल्द सारे किसानों को उनका भुगतान किया जा सके।
Created On :   20 Aug 2022 5:49 PM IST