- Home
- /
- स्कूलों में 10% विद्यार्थियों की...
स्कूलों में 10% विद्यार्थियों की उपस्थिति, 26 शिक्षक निकले पॉजिटिव

डिजिटल डेस्क, नागपुर। करीब 10 महीने के लंबे इंतजार के बाद आखिरकार नागपुर महानगरपालिका सीमा क्षेत्र में कक्षा 5वीं से 8वीं तक की प्रत्यक्ष स्कूल शुरू हुए। पहले दिन करीब 10 प्रतिशत विद्यार्थी ही स्कूल पहुंचे। नागपुर मनपा की सीमा में कुल 992 स्कूल हैं। जिनमें 2 लाख 27 हजार 305 विद्यार्थी पढ़ते हैं। सोमवार को स्कूलों में कुल 22 हजार 208 विद्यार्थियों ने उपस्थिति दर्ज कराई। इसी तरह कुल 5 हजार 228 शिक्षकों में से 4754 शिक्षक पहले दिन उपस्थित थे। अब तक कुल 29367 पालकों ने बच्चों को स्कूल भेजने के लिए सहमति पत्र दिया है।
मनपा के स्कूल रहे आगे
सोमवार को निजी स्कूलों के मुकाबले मनपा स्कूलों में विद्यार्थियों की संख्या अधिक रही। मनपा की स्कूलों में शिक्षकों ने विद्यार्थियों का फूल देकर स्वागत किया। सभी स्कूलों में सरकार के निर्देशानुसार स्कूलों में सोशल डिस्टेंसिंग के प्रबंध नजर आए। सोशल डिस्टेंसिंग के निर्देशों के अनुसार कक्षाओं और स्टाफ रूम में बैठक व्यवस्था नजर आई। एक बेंच पर एक ही विद्यार्थी को बैठने की अनुमति थी। स्कूलों में विद्यार्थियों व अन्य उपस्थितों को मास्क लगाने व अन्य जरूरी सूचनाएं दी गईं। स्कूल में प्रार्थना के लिए विद्यार्थियों के बीच 6 फीट का अंतर रखा गया। लेकिन शिक्षको की मानें तो छोटे विद्यार्थियों को सोशल डिस्टेंसिंग समझा पाना जरा मुश्किल हो रहा है। धीरे-धीरे विद्यार्थी इसके आदी हो जाएंगे। उल्लेखनीय है कि ग्रामीण क्षेत्रों में 27 जनवरी से ही स्कूल शुरू हो चुके हैं। मनपा आयुक्त ने कुछ ही दिनों पूर्व 8 फरवरी से शहर सीमा की स्कूल शुरू करने का आदेश जारी किया था। अब तक कुल 5 हजार 38 शिक्षकों ने कोरोना जांच कराई। जिसमें 26 शिक्षक व 14 कर्मचारी पॉजिटिव पाए गए हैं।
Created On :   9 Feb 2021 2:17 PM IST