- Home
- /
- 10 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त, दो आरोपी...
10 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त, दो आरोपी पकड़ाए

डिजिटल डेस्क, नागपुर। घरेलू गैस सिलेंडर चोरी प्रकरण में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के नाम शैलेश मिश्रा (33), वेद नगर, नारा, जरीपटका और गजेंद्र उर्फ गोलू हरि राणा (32), आर्या नगर, नारा गांव, जरीपटका निवासी है। नंदनवन पुलिस ने दोनों आरोपियों से 10 घरेलू गैस सिलेंडर सहित करीब 15 हजार रुपए का माल जब्त किया है।
वाहन से चुराए थे ग्राहकों के दो सिलेंडर
पुलिस के अनुसार प्रभु नगर, हसनबाग, रमना मारोति रोड, नंदनवन निवासी प्रभाकर बावनकुले (44) ने नंदनवन थाने में दो घरेलू गैस सिलेंडर चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। प्रभाकर विदर्भ गैस एंड डोमेस्टिक अप्लायंसेस कंपनी, शीतला माता मंदिर, गणेश नगर में काम करता है। वह ग्राहकों को सिलेंडर पहुंचाने का काम करता है। प्रभाकर 2 अगस्त को सुबह करीब 10.45 बजे अल्फा वाहन (एम.एच.-49-डी.-6757) में 21 गैस सिलेंडर ग्राहकों को पहुंचाने गया था, जब वह काशी अपार्टमेंट में ग्राहक को सिलेंडर देने गया। इस दौरान मौका पाकर शैलेश मिश्रा ने दो गैस सिलेंडर चुरा ले लिए। प्रभाकर जब वाहन के पास लौटा तो वाहन में से दो सिलेंडर गायब थे।
पहले लकड़गंज क्षेत्र से चुराया था सिलेंडर से भरा वाहन
गैस सिलेंडर चोरी की शिकायत दर्ज करने के बाद पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू की। पुलिस को पता चला कि, लकड़गंज पुलिस ने गैस सिलेंडर चोरी के मामले में शैलेश मिश्रा को गिरफ्तार किया था, जो जमानत पर रिहा हो गया था। शैलश ने लकड़गंज क्षेत्र में सिलेंडर ब्वॉय जब अपार्टमेंट में सिलेंडर देने गया था, तब उसका वाहन चुरा लिया था। लकड़गंज और नंदनवन क्षेत्र में गैस सिलेंडर चुराने का तरीका एक जैसा होने पर पुलिस ने संदेह के आधार पर शैलेश को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने गैस सिलेंडर चुराने की बात कबूल की। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने शैलेष के दोस्त गजेंद्र उर्फ गोलू राणा काे गिरफ्तार किया।
क्रिकेट सट्टा में हारने के बाद करने लगा था चोरी
आरोपी शैलेश मिश्रा ने पुलिस को बताया कि, वह पहले गैस सिलेंडर एजेंसी में ही काम करता था। दो वर्ष पहले उसे क्रिकेट सट्टे का शौक लगा, जिसमें वह काफी पैसा हार गया, जिससे उसे चोरी करने की आदत लग गई। पहले घर में चोरी की। पश्चात गैस सिलेंडर चुराने लगा। सिलेंडर चुराने के लिए उसने गिट्टीखदान क्षेत्र से एक्टिवा चुराई और प्रभाकर के वाहन से दो भरे सिलेंडर चुराए। यह सिलेंडर उसने गोलू उर्फ गजेंद्र राणा के पास बेचने के लिए रखे थे। पुलिस ने शैलेश और गोलू को गिरफ्तार उनके कब्जे से 10 गैस सिलेंडर जब्त किए, जिसमें दो भरे हुए थे। नंदनवन पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्रवाई की।
Created On :   3 Aug 2021 12:48 PM IST