- Home
- /
- ‘मैगनेटिक महाराष्ट्र’ में होगा 10...
‘मैगनेटिक महाराष्ट्र’ में होगा 10 लाख करोड़ निवेश का करार : उद्योग मंत्री

डिजिटल डेस्क, मुंबई। प्रदेश सरकार ने ‘मैगनेटिक महाराष्ट्र कनवर्जेंस -2018’ में 10 लाख करोड़ रुपए के औद्योगिक निवेश के लिए करार करने का लक्ष्य रखा है। गुरुवार को प्रदेश के उद्योग मंत्री सुभाष देसाई ने राज्य अतिथिगृह सह्याद्री में पत्रकारों से बातचीत में यह जानकारी दी। देसाई ने कहा कि साल 2016 में ‘मेक इन इंडिया वीक’ के दौरान महाराष्ट्र सरकार ने आठ लाख करोड़ रुपए के औद्योगिक निवेश के लिए करार किया था, जिसमें से लगभग 4 लाख 500 करोड़ रुपए का निवेश हो चुका है। देसाई ने दावा किया कि मेक इन इंडिया सप्ताह के दौरान हुए करार में से 61 प्रतिशत निवेश राज्य में हो सका है। इसमें कई उद्योग शुरू भी हुए हैं और कई लोगों को जमीन देने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। हालांकि देसाई इस बात का जवाब नहीं दे सकें कि इन उद्योगों के कारण राज्य में नए रोजगार कितने पैदा हुए हैं। उन्होंने दावा किया कि दूसरे प्रदेशों में कुल करार का 20 से 30 प्रतिशत ही निवेश हो पाता है। जबकि महाराष्ट्र में 61 प्रतिशत निवेश हो चुका है। यह सरकार के फैसले लेने की क्षमता को दर्शाता है।
35 लाख लोगों को मिलेगा रोजगार
देसाई ने बताया कि 18 से 20 फरवरी के दौरान बांद्रा-कुर्ला काम्प्लेक्स (बीकेसी) में आयोजित निवेश शिखर सम्मेलन में विभिन्न देशी-विदेशी कंपनियों के साथ 4500 करार होने की उम्मीद है। इससे 35 लाख नए रोजगार पैदा हो सकेंगे। मैग्नेटिक महाराष्ट्र निवेशक सम्मेलन का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की मौजूदगी में होगा। देसाई ने बताया कि सरकार की उद्योग नीति के अनुसार 47 उद्योग समूहों को सम्मानित किया जाएगा। जिसमें आईटी, निर्यात, अनुसूचित जाति-जनजाति और महिला उद्यमियों का समावेश होगा। इस मौके पर मैग्नेटिक महाराष्ट्र स्टार्ट अप अंडर 30 स्पर्धा के विजेताओं को भी सम्मानित किया जाएगा। देसाई ने कहा कि साल 2025 तक प्रदेश की अर्थव्यवस्था ट्रिलीयन डॉलर तक पहुंचाने की दृष्टि से सरकार औद्योगिक निवेश को आकर्षित कर रही है। उन्होंने बताया कि राज्य की 290 एमआईडीसी के खुले परिसर में दो करोड़ पौधे लगाए जाएंगे। देसाई ने कहा कि उद्योगों से जुड़ी 12 नीतियों को सरकार ने मंजूर किया है। यह नीतियां औद्योगिक निवेश में मददगार साबित होंगी।
नागपुर में होगा रक्षा उत्पादन
देसाई ने कहा कि रक्षा क्षेत्र में लगने वाले उत्पाद के लिए नागपुर, औरंगाबाद, नाशिक, अहमदनगर और पुणे में नए औद्योगिक क्षेत्र बनाए जाएंगे। इस दौरान देसाई ने कहा कि मुंबई में इंटरनेशल फाइनेंसियल सेंटर के लिए बांद्रा के बीकेसी में जगह आरक्षित की गई थी। लेकिन यह सेंटर अहमदाबाद में खुला है। इसके लिए आघाड़ी सरकार जिम्मेदार है। क्योंकि उस समय सरकार ने सेंटर खोलने के काम में तेजी नहीं दिखाई। देसाई ने कहा कि अहमदाबाद में सेंटर खुल गया है लेकिन हम मुंबई में इसको खोलने का प्रयास करेंगे।
महाराष्ट्र में फॉक्सकॉन आने को तैयार नहीं
उद्योग मंत्री देसाई ने फॉक्सकॉन कंपनी द्वारा महाराष्ट्र में निवेश से इंकार करने पर कहा कि यदि कंपनी यहां आती तो हमें अच्छा लगता। लेकिन फॉक्सकॉन आने को तैयार नहीं है। पर हम इस बात का दुख जताते नहीं बैठेंगे। देश और विदेश में कई और कंपनियां हैं। जो राज्य में निवेश के लिए तैयार हैं।
विभिन्न सम्मेलन और चर्चा सत्र का आयोजन
‘मैग्नेटिक महाराष्ट्र’ का उद्घाटन प्रधानमंत्री करेंगे। इस दौरान नामचीन उद्योग समूहों के सीईओ के साथ चर्चा करेंगे। 19 फरवरी को आईटी, फ्यूचर इंडस्ट्री, स्मार्ट सिटी, रोजगार समेत अन्य विषयों पर चर्चा सत्र का आयोजन होगा। 20 फरवरी को जलसंरक्षण, महिला उद्योग नीति समेत अन्य विषयों पर चर्चा होगी। इसके बाद यहां पर लगाई गई प्रदर्शनी 23 फरवरी तक आम लोगों के लिए खुली रहेगी। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम के लिए शिवसेना पक्ष प्रमुख उद्धव ठाकरे को भी आमंत्रित किया गया है।
Created On :   15 Feb 2018 10:03 PM IST