- Home
- /
- झूले की रस्सी गले में फंसने से 11...
झूले की रस्सी गले में फंसने से 11 वर्षीय बालक की मौत

डिजिटल डेस्क, नागपुर। झूला झूलते समय गले में रस्सी फंसने से पीयूष धारपुरे (11) की मौत हो गई। घटना मंगलवार 9 फरवरी को दोपहर 3 से शाम 4 बजे के दौरान कोंढाली से करीब 9 किमी की दूरी पर मासोद में हुई। हालांकि मृतक के मामा ने शक जताते हुए मौत की जांच कराने की मांग के साथ देर रात कोंढाली पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है।
मां मायके गई थी
जानकारी के अनुसार, पीयूष की मां एक दिन पहले 8 फरवरी को मायके गई थी। पिता पुष्पराज धारपुरे पिछले महीने सड़क हादसे में चोटिल हो गए थे। वह घर पर ही थे। मंगलवार की दोपहर काफी देर तक पीयूष नजर नहीं आया, तो पुष्पराज ने अन्य परिजनों से पीयूष के बारे में पूछा। सभी को लगा कि कहीं खेल रहा होगा। इस बीच, पीयूष की चाची कमरे के भीतर गई, तो पीयूष झूले पर अचेत अवस्था में नजर आया। उसके गले में झूले की रस्सी फंसी हुई थी।
थाने पहुंचा मामा
जानकारी मिलते ही पीयूष की मां भाई के साथ पहुंची। आते ही पीयूष का मामा पुष्पराज से विवाद करने लगा। देर रात करीब 1.30 बजे के दौरान वह कोंढाली पुलिस स्टेशन पहुंचा और जांच की मांग की। कोंढाली के थानेदार विश्वास फुल्लवार, हेड कांस्टेबल रवि बांबल व सहकर्मियों के साथ मासोद पहुंचे। पंचनामा कर शव पोस्टमार्टम के लिए काटोल सरकारी अस्पताल रवाना किया गया। फिलहाल आकस्मिक मृत्यु के तहत कोंढाली पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया। हेड कांस्टेबल बंसोड़ मामले की जांच कर रहे हैं।
Created On :   11 Feb 2021 10:16 AM IST