- Home
- /
- एसटी के 12 कर्मचारी बर्खास्त 15 काम...
एसटी के 12 कर्मचारी बर्खास्त 15 काम पर लौटे

डिजिटल डेस्क, नागपुर। एसटी प्रशासन ने फिर सख्त रवैया अपनाते हुए गुरुवार को 12 कर्मचारियों को बर्खास्त कर दिया, जबकि 15 कर्मचारी काम पर लाैटे। नागपुर मंडल अंतर्गत अभी भी 1,780 कर्मचारी आंदोलन कर रहे हैं। इनमें से 159 कर्मचारियों को नोटिस भेजकर जवाब-तलब किया गया था। नोटिस का जवाब मिलने के बाद कर्मचारियों को बर्खास्त किया गया है। गुरुवार को 10 बस चालक, 4 वाहक व 1 यांत्रिकी विभाग के कर्मचारी काम पर लौटे हैं। प्रारंभ में बर्खास्त 21 कर्मचारियों में 11 बस चालक, 7 वाहक व 3 यांत्रिकी विभाग के कर्मचारी शामिल थे। अब तक काम पर लौटने वाले कर्मचारियों में 20 बस चालक, 19 वाहक, 8 चालक-वाहक, 7 यांत्रिकी विभाग के कर्मचारी, 1 लिपिक, 2 यातायात नियंत्रक, 1 वरिष्ठ लिपिक व 1 अन्य कर्मचारी का समावेश है।
25 बसों का परिचालन : कर्मचारी काम पर लौटने से एसटी की परिवहन क्षमता में इजाफा हो रहा है इसके चलते गुरुवार को 25 बसों का परिचालन किया गया। इन बसों के जरिए काटोल, उमरेड, सावनेर, भंडारा, व रामटेक के यात्रियों का उनके गंतव्य तक पहुंचाया गया। इन बसों ने 68 फेरियां लगाकर 4430.2 किमी का सफर पूरा किया। एसटी प्रशासन को 1.84 लाख की आय हुई।
Created On :   7 Jan 2022 5:21 PM IST