भविष्य निधि की जमा राशि की जांच करने की कोशिश में लगा सवा लाख का चूना

भविष्य निधि की जमा राशि की जांच करने की कोशिश में लगा सवा लाख का चूना
ईपीएफओ हेल्पलाइन नंबर गूगल सर्च करना पड़ा महंगा भविष्य निधि की जमा राशि की जांच करने की कोशिश में लगा सवा लाख का चूना

डिजिटल डेस्क, मुंबई। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईडीएफओ) में जमा राशि की जानकारी हासिल करने इससे जुड़ा नंबर गूगल सर्च करना एक 47 वर्षीय व्यक्ति को महंगा पड़ गया। खुद को ईपीएफओ कर्मचारी बताने वाले ठग ने मदद के नाम पर व्यक्ति को करीब सवा लाख रुपए का चूना लगा दिया। शिकायत मिलने के बाद एनएम जोशी मार्ग पुलिस स्टेशन में अज्ञात आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है। शिकायतकर्ता अंधेरी इलाके में रहते हैं और लोअर परेल स्थित एक निजी कंपनी के कार्यालय में काम करते हैं। शिकायतकर्ता ने कुछ दिनों पहले ऑफिस में काम करने के दौरान अपने भविष्य निधि (पीएफ) की जमा राशि जानने की कोशिश की। उन्होंने अपने मोबाइल पर ईपीएफओ की वेबसाइट खोलने की कोशिश की लेकिन किसी समस्या के चलते वेबसाइट नहीं खुली। इसके बाद उन्होंने गूगल पर ईपीएफओ की हेल्पलाइन नंबर खोजा।

 उन्होंने सामने आए नंबर पर फोन किया और बताया कि उन्हें आधिकारिक वेबसाइट में लॉग इन करने में परेशानी हो रही है। इसके बाद आरोपी ने मदद के नाम पर शिकायतकर्ता को ऐसा ऐप डाउनलोड करने को कहा जिससे उनके मोबाइल का नियंत्रण ठग के पास चला गया। इसके बाद उसने शिकायतकर्ता से कहा कि बैलेंस की जांच के लिए उन्हें मोबाइल ऐप से मामूली रकम का भुगतान करना होगा। शिकायतकर्ता ने ऐसा ही किया लेकिन इस दौरान ठग ने शिकायतकर्ता का पासवर्ड देख लिया। इसके बाद उनके खाते से 14 बार में 1 लाख 23 हजार रुपए निकाल लिए। ठग यहीं नहीं रुका उसने शिकायतकर्ता को कहा कि उनके पैसे गलती से कटे हैं और वे जल्द ही वापस आ जाएंगे। इसके बाद उसने शिकायतकर्ता से उनके क्रेडिटकार्ड से जुड़ी जानकारी मांगी तो उन्हें शक हो गया उन्होंने फोन काटा और अपने बेटे को मामले की जानकारी दी। उसने उन्हें बताया कि उनके साथ ठगी हो गई है। इसके बाद शिकायतकर्ता ने एनएम जोशी मार्ग पुलिस को मामले की जानकारी दी। पुलिस ने आईपीसी और आईटी कानून की संबंधित धाराओं के तहत अज्ञात आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। 
 

Created On :   20 Nov 2022 7:12 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story