- Home
- /
- एक वर्ष में 14 हजार 690 परिवारों ने...
एक वर्ष में 14 हजार 690 परिवारों ने गंवाया 9 किलाे से अधिक सोना

डिजिटल डेस्क, अमरावती । कोरोना संक्रमण का तबाही भरा दौर बीतने के बावजूद अब भी कई परिवार अपनी आर्थिक दिक्कतों से उभर नहीं पाए है। कई परिवारों ने नकदी की किल्लत को दूर करने के लिए अपने पास मौजूद सोने के सिक्की व आभूषण बैंकों के साथ ही साेने के बदले में कर्ज देने वाली अधिकृत संस्थाओं के पास गिरवी रखे थे लेकिन इनमें से 14 हजार 690 परिवार गिरवी रखे गए आभूषणों को कर्जमुक्त कराने में असफल रहे हैं। जिला उपनिबंधक विभाग से मिली जानकारी के अनुसार 1 अप्रैल 2020 से लेकर 31 जनवरी 2022 के दौरान कुल 33 हजार 811 लोगों ने सोने के एवज में कर्ज प्राप्त किया था। यह कर्ज की राशि 10 हजार रुपए से लेकर 4 लाख रुपए तक बताई गई है। इस तरह जिले में कुल 641 करोड़ रुपए कर्ज वितरित किया गया। इसमें से एक वर्ष की अवधि में छोटे कर्ज धारकों में से 9 हजार से अधिक लोगों ने अपना कर्ज चुकता कर दिया है। जबकि बड़े कर्ज धारकों से कर्ज वसूली प्रक्रिया अब भी जारी है। वहीं, करीब 14 हजार 690 कर्ज धारकों ने नियमित रूप से अपना कर्ज नहीं चुका पाए हैं। जिस कारण उनके द्वारा गिरवी रखे गए करीब 9 किलो के सोने के आभूषण नीलामी प्रक्रिया के लिए भेजे गए हैं।
किसने भरी कितनी किश्त : जिन कर्ज धारकों के गहने नीलामी प्रक्रिया के लिए भेजे गए है। उनमें से करीब 6 हजार 218 कर्ज धारकों ने एक भी किश्त अदा नहीं की। जबकि 4 हजार 920 कर्ज धारकों ने अधिकतम तीन किश्तें अदा की हैं। वहीं, तीन माह से लेकर 6 माह तक कर्ज की किश्तें अदा करने वालों की संख्या 3 हजार 552 बताई गई है।
डीडीआर कार्यालय से ली जाती है मंजूरी
किसी भी अधिकृत संस्था द्वारा गहनों के एवज में दिए गए कर्ज के मामलों में ग्राहकों द्वारा कर्ज चुकता न करने की स्थिित में संबंधित संस्था को आभूषण जब्त करने तथा उनकी नीलामी प्रक्रिया करने से पूर्व जिला उपनिबंधक से मंजूरी लेना अनिवार्य है। - संदीप जाधव, जिला उपनिबंधक
Created On :   22 Feb 2022 2:24 PM IST