- Home
- /
- नए साल में बनेंगी जंगल में 15 नई...
नए साल में बनेंगी जंगल में 15 नई सुरक्षा झोपड़ियां

डिजिटल डेस्क, नागपुर। जंगल में होने वाली अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए वन विभाग की ओर से सुरक्षा झोपड़ियां बनाई हैं। यह जंगल के बीच में बनाई गई हैं, ताकि किसी भी तरह की होने वाली अवैध गतिविधि पकड़ में आ सके। अभी तक 20 प्रोटेक्शन हट बनाए गए हैं, जिससे वन विभाग को अच्छा फायदा मिल रहा है। इसे देखते हुए नागपुर के प्रादेशिक विभाग में नए साल में कुल 15 नई सुरक्षा झोपड़ियां और बनाई जाएंगी, ताकि वन विभाग के कर्मचारी यहां रह सकें। वहीं इसका फायदा वन विभाग को मिल सके। इन झोपड़ियों के माध्यम से आस-पास के ग्राम निवासियों को भी रोजगार मिल सकेगा।
आपराधिक गतिविधियां बढ़ीं
एनटीसीए के आंकड़े देखें तो इस साल बाघों की संख्या बढ़ गई है। नागपुर जिले में भी इनकी संख्या बहुत ज्यादा है। इसके अलावा तेंदुए से लेकर अन्य वन्यजीवों की संख्या भी बढ़ी है। वन्यजीवों की संख्या बढ़ने के साथ ही जंगल में अापराधिक गतिविधियां भी बढ़ी हैं। अवैध शिकार के साथ ही कई बार वन्यजीव इंसानी इलाकों में पहुंच जाते हैं जिससे मानव-वन्यजीव संघर्ष पैदा हो रहा है। ऐसे में वन विभाग ने मार्च से अक्टूबर में नागपुर विभाग में 20 प्रोटेक्शन हट बनाए। यह हट जंगलों के बीच बनाए गए। जहां 80 ग्रामीणों को रखा गया। उनका काम वन्यजीवों की गतिविधियां समझना व अवैध शिकार को रोकना है। इससे एक ओर वन्यजीवों का रक्षण हो रहा है, वहीं दूसरी ओर कोरोनाकाल में भी बेरोजगारों को काम मिल गया है। वन विभाग मजदूरों को बतौर वेतन भी दे रहा है।
अच्छा प्रतिसाद मिला
प्रोटेक्शन हट से हमें बहुत मदद मिल रही है। ऐसे में नए साल में 15 प्रोटेक्शन हट बनाए जाएंगे। जिसके बाद इनकी संख्या 35 हो जाएगी। आगे भी इसे बढ़ाया जाएगा, ताकि वन विभाग में किसी तरह के कोई अपराध न हो सकें। - डॉ. भरतसिंह हाडा, उपवनसंरक्षक ( प्रादेशिक) वन विभाग नागपुर
Created On :   27 Nov 2021 4:56 PM IST