- Home
- /
- नागपुर के रेड लाइट एरिया से 150...
नागपुर के रेड लाइट एरिया से 150 ग्राहक और 100 वारांगनाएं हिरासत में

डिजिटल डेस्क, नागपुर। गंगा जमुना बस्ती में गुरुवार को लकड़गंज और अपराध शाखा पुलिस ने संयुक्त रूप से छापेमारी की। इस कार्रवाई में 150 से अधिक ग्राहकों और 100 से ज्यादा वारांगनाओं को हिरासत में लिया गया। सभी को थाने में बैठाकर रखा गया था। उन पर कार्रवाई की प्रक्रिया देर रात तक चल रही थी। इस वर्ष की यह सबसे बड़ी कार्रवाई है। इस कार्रवाई से गंगा-जमुना बस्ती में खलबली मच गई थी। बताया जाता है कि सात साल पहले इस तरह की बड़े पैमाने पर कार्रवाई हुई थी। उस समय भगदड़ मचने पर एक वारांगना की मौत भी हो गई थी। उस समय मामले की जांच चली थी। बाद में ठंडे बस्ते में डाल दिया गया था।
80-100 जवानों को तैनात किया गया था बाहर
सूत्रों के अनुसार, पुलिस उपायुक्त लोहित मतानी के नेतृत्व में गुरुवार दोपहर दस्ते ने गंगा जमुना बस्ती में छापा मारा। इस कार्रवाई के पहले पूरी तैयारी की गई। संपूर्ण गंगा जमुना बस्ती के आस-पास करीब 80 से 100 महिला-पुरुष जवानों को तैनात किया। इसके बाद कार्रवाई शुरू की गई। इसके चलते बस्ती से कोई ग्राहक और वारांगना भाग नहीं सके। पुलिस बड़ी संख्या में ग्राहकों और वारांगना को हिरासत में लेकर थाने ले गई। लकड़गंज के थानेदार पराग पोटे देर रात तक कार्रवाई में लगे हुए थे। इस कार्रवाई के बाद गंगा-जमुना बस्ती में सन्नाटा फैल गया था।
Created On :   11 Dec 2020 3:41 PM IST