- Home
- /
- इतिहास का हिस्सा बना 150 साल पुराना...
इतिहास का हिस्सा बना 150 साल पुराना ब्रिटिशकालीन कर्नाक पुल

डिजिटल डेस्क, मुंबई। मुंबई में 150 साल से भी ज्यादा पुराने ब्रिटिश कालीन कर्नाक पुल को गिराने का काम तय समय से पहले ही पूरा कर लिया गया है। इसके साथ ही यह पुल इतिहास के पन्नो में दर्ज हो गया है। छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस और मस्जिद स्टेशनों के बीच बने इस पुल को गिराने के लिए मध्य रेलवे ने 19 से 21 नवंबर तक 27 घंटों का विशेष ट्रैफिक पॉवर लिया था। इसके चलते लंबी दूरी की 36 गाड़ियों का रद्द कर दी गईं जबकि 68 के आगमन और प्रस्थान के स्टेशन बदले गए थे। प्रभावित होने वाली लंबी दूरी की गाड़ियों में अमरावती मुंबई एक्सप्रेस, जालना मुंबई जनशताब्दी एक्सप्रेस, नागपुर-मुंबई सेवाग्राम एक्सप्रेस भी शामिल थीं।
पुल गिराने के दौरान सीएसएमटी जाने वाली लोकल गाड़ियां भी बंद थीं। पुल गिराने का काम शनिवार रात 11 बजे से शुरू किया गया था जिसे रविवार शाम साढ़े तीन बजे पूरा कर लिया गया। इसके बाद चार बजे के करीब लोकल ट्रेन की सेवाएं शुरू कर दी गईं। हालांकि लंबी दूरी की गाड़ियां पूर्व निर्धारित स्टेशनों और समय सारिणी के ही मुताबिक चलेंगी। मध्य रेलवे के महाप्रबंधक अनिल कुमार लाहोटी ने कहा कि यह बहुत बड़ा और चुनौतीपूर्ण कार्य था क्योंकि सभी लाइनों और सीएसएमटी स्टेशन पर यातायात पूरी तरह बंद था। व्यापक तैयारी और योजनाबद्ध तरीके के काम करने के चलते काम निर्धारित समय से पहले ही पूरा किया जा सके। स्थानीय प्रशासन ने भी पूरा सहयोग दिया। साथ ही बड़ी क्षमता वाली क्रेन और दूसरी मशीनों के इस्तेमाल के चलते भी सुविधा हुई। इस दौरान रखरखाव से जुड़े दूसरे काम भी पूरे कर लिए गए जिससे भविष्य की ब्लॉक अवधि में 900 घंटों की बचत हुई।
Created On :   21 Nov 2022 3:59 PM IST