टारगेट से अधिक हुई धान खरीदी, नहीं हो पा रहा भंडारण ; किसानों का अटका भुगतान

1850000 quintals of rice has been purchased in the Katni district
टारगेट से अधिक हुई धान खरीदी, नहीं हो पा रहा भंडारण ; किसानों का अटका भुगतान
टारगेट से अधिक हुई धान खरीदी, नहीं हो पा रहा भंडारण ; किसानों का अटका भुगतान

डिजिटल डेस्क, कटनी। जिले में धान खरीदी के लिए तय किये गये टारगेट से अधिक का उपार्जन होने के कारण अब भंडारण की समस्या खड़ी हो गई है। अब तक जिले में करीब 18 लाख 50 हजार क्विंटल धान की खरीदी हो चुकी है जबकि अभी भी खरीदी के लिए दो दिन का समय बाकी है। उम्मीद की जा रही है कि अभी करीब 2 लाख क्विंटल धान का उपार्जन होगा। जिससे यह आंकड़ा 20 क्विंटल को पार कर जाएगा। प्रशासन के द्वारा शुरू में 16 लाख क्विंटल का लक्ष्य तय करते हुए भंडारण व्यवस्था सुनिश्चित की गई थी बाद में टारगेट को बढ़ाकर 18 लाख करते हुए भंडारण की व्यवस्थाएं की गईं, लेकिन रिकार्ड उपार्जन ने एक बार फिर मुश्किलें बढ़ा दी हैं।

पहले से गोदामों  भंडारित है अनाज
जिले में करीब 30 लाख क्विंटल अनाज के भंडारण के लिए ओपन कैप और गोदाम उपलब्ध हैं। इनमें से अभी भी गोदामों में करीब 5 लाख 20 हजार क्विंटल चावल व 4 लाख 80 हजार क्विंटल गेहूं और करीब 1 लाख क्विंटल चना व मसूर भंडारित है। जिसके बाद गोदामों में केवल 18 लाख क्विंटल धान के भंडारण की व्यवस्था है। टारगेट से ऊपर हो रही खरीदी के भंडारण की समस्या लगतार बढ़ रही है।

उबरा में खुले आसमान के नीचे पड़ी 18 हजार क्विंटल धान
बरही तहसील का उबरा खरीदी केन्द्र किसानों के लिए मुसीबत बन गया है। उबरा खरीदी केन्द्र में 486 किसानों ने पंजीयन कराया था। इनमें से तीन सौ से अधिक किसानों से 18 हजार क्विंटल धान की खरीदी की जा चुकी है। इन किसानों का तीन करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान अटका है। उबरा में धान बेचने वाले तीरथ प्रसाद पटेल, रामफल पटेल, सुशील कुमार ने बताया कि उन्होने एक माह पहले खरीदी केन्द्र में धान दी थी पर अब तक धान की राशि खाते में जमा नहीं हुई। नागरिक आपूर्ति निगम के प्रबंधक ओ.पी.पगारे का कहना है कि उबरा में शासकीय गोदाम है और उसकी मेपिंग भोपाल से होना है। मेपिंग होने के बाद ही एग्रीमेंट होगा और गोदाम में भंडारण के बाद ही किसानों को भी भुगतान हो पाएगा।

इनका कहना है
लक्ष्य के हिसाब से भंडारण व्यवस्था की गई थी अधिक खरीदी होने से भंडारण की समस्या बढ़ी है। जिसके लिए तैयारियां की जा रही हैं।
- आर.के. शुक्ला, प्रबंधक वेयर हाउस कारपोरेशन

Created On :   24 Jan 2019 9:22 AM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story