- Home
- /
- बारिश से गोवरी पुल पार करते 2 लोग...
बारिश से गोवरी पुल पार करते 2 लोग बाइक सहित बहे

डिजिटल डेस्क, नागपुर। कलमेश्वर में गोवरी पुल पार करते समय 2 लोग बाइक सहित बह गए। जानकारी के अनुसार, गुरुवार को कलमेश्वर में सुबह 7 बजे से बारिश शुरू हुई। सुबह 10 बजे के बाद बारिश की रफ्तार और तेज हो गई। देखते ही देखते गोवरी पुल पर पानी बढ़ने लगा। उसी समय गोवरी निवासी अन्नाजी पुरुषोत्तम निंबालकर (52) और गुड्डू मधुकर राव शिंदे (42) पुल पार कर रहे थे। पानी का बहाव तेज होने से वे खुद को संभाल नहीं पाए और मोटरसाइकिल सहित बह गए। दोनों किनारों पर लोग चिल्लाते रहे, लेकिन कोई तैराक नहीं था, इसलिए मदद भी नहीं मिल सकी।
अरसे से पुल की मांग की जा रही है
कलमेश्वर शहर के साथ गोवरी गांव तोंडाखेरी, लखमा खेरी गांव के नागरिक कई साल से गोवरी रपटे पर पुल बनाने की मांग कर रहे हैं। उनका आरोप है कि जनप्रतिनिधियों की उदासीनता के कारण इतनी बड़ी घटना हुई।
Created On :   9 July 2021 1:26 PM IST