- Home
- /
- नागपुर में पहले दिन पहुंची 2...
नागपुर में पहले दिन पहुंची 2 गाड़ियां, 88 यात्री उतरे व 334 रवाना हुए

डिजिटल डेस्क, नागपुर। पहले दिन नागपुर रेलवे स्टेशन पर दो ट्रेनें पहुंचीं। जिससे कुल 88 यात्री नागपुर उतरे हैं। सभी को होम क्वारंेटाइन किया गया। साथ ही नागपुर से विभिन्न दिशा के लिए 334 यात्री रवाना हुए हैं। लंबे समय बाद नागपुर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की चहल-पहल देखने मिली। इसी तरह प्लेटफार्म नंबर एक व दो पर भी खान-पान के स्टॉल रहने से पहले की तरह थोड़ा बहुत माहौल नजर आया। नागपुर आनेवाले यात्रियों के लिए मनपा की बस उपलब्ध थी। वहीं कुछ यात्री अपने निजी वाहनों से यहां से रवाना हुए।
यात्री 90 मिनट पहले पहुंचे स्टेशन
कोरोना संक्रमन को रोकने के लिए 22 मार्च से सामान्य ट्रेनें बंद की गई थीं। रेलवे ने पूरे देश में 1 जून से 200 ट्रेनें शुरू की हैं। इन गाड़ियों में नागपुर से होकर 14 गाड़ियां गुजरेंगी। सोमवार को इसमें से दो गाड़ियां नागपुर पहुंचीं। इससे 88 यात्री नागपुर स्टेशन पर उतरे हैं। शाम 5.30 बजे ट्रेन नंबर 02723 हैदराबाद-नई दिल्ली तेलंगाना एक्सप्रेस नागपुर स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 3 पर आई। इस ट्रेन से 64 रेलयात्री उतरे और 156 रेलयात्री विभिन्न शहरों के लिए रवाना हुए। इसी प्रकार, ट्रेन नंबर 02791 सिकंदराबाद-दानापुर पटना एक्सप्रेस शाम 7.20 बजे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर आई। इस ट्रेन से 24 रेलयात्री आए और शाम 7.35 बजे 178 रेलयात्री अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए। इन सभी रेलयात्रियों की नागपुर रेलवे स्टेशन पर थर्मल स्क्रीनिंग की गई। नागपुर में उतरे रेलयात्रियों को होम क्वारेंटाइन किया गया। ट्रेन पकड़ने के लिए सभी यात्री 90 मिनट पहले मास्क पहनकर स्टेशन पर पहुंचे थे।
Created On :   2 Jun 2020 11:52 AM IST