बिजली गिरने से फुटबाल खेल रहे 2 युवकों की मौत,1 महिला भी मृत , 4 घायल

2 youths playing football died due to lightning, 1 woman also dead, 4 injured
बिजली गिरने से फुटबाल खेल रहे 2 युवकों की मौत,1 महिला भी मृत , 4 घायल
नागपुर जिले में बिजली गिरने से फुटबाल खेल रहे 2 युवकों की मौत,1 महिला भी मृत , 4 घायल

डिजिटल डेस्क, नागपुर। चनकापुर मैदान में बिजली गिरने से चनकापुर कॉलोनी निवासी अनुज कुशवाहा (21) व तन्मय सुनील दहीकर (12) की मौत हो गई। वहीं, पांचपावली, नागपुर निवासी सक्षम सुमित गोठीफोड़े (12) गंभीर रूप से घायल हो गया।

खेल प्रतिभा को निखारने वाले मैदान में आया काल
खापरखेड़ा इलाके में चनकापुर में ही बड़ा खेल मैदान है, जहां रोजाना सैकड़ों युवक-युवतियां खेल की प्रैक्टिस करते हैं। इस मैदान ने कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी देश को दिए हैं। इसमें क्रिकेटर उमेश यादव का भी समावेश रहा है। इसके अलावा कई खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

बारिश में फुटबॉल खेल रहे थे
क्षेत्र में दोपहर करीब 3 बजे से रुक-रुक कर तेज बारिश हो रही थी। कुछ युवक बारिश का मजा ले रहे थे, तो कुछ फुटबॉल खेल रहे थे। तेज बारिश के बीच अचानक तेज बिजली कड़की, तो कुछ युवक नीचे गिर पड़े। कुछ उठकर शेड की तरफ भाग खड़े हुए, लेकिन तन्मय, अनुज व सक्षम वहीं पड़े रहे। तन्मय व अनुज की घटनास्थल पर ही मौत हो चुकी थी। सक्षम सुमित गोठीफोड़े गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे नागपुर के अस्पताल में भर्ती किया गया है। चिकित्सकों के अनुसार, उसकी हालत गंभीर है। खापरखेड़ा पुलिस ने पंचनामा किया व शवों को पोस्टमार्टम के लिए नागपुर भेजा।

खेत से लौट रही  महिला पर भी गिरी गाज, अन्य 3 घायल
अरोली थाना क्षेत्र के तरोड़ी शिवार में खेत से वापस लौट रही महिलाएं भी बिजली गिरने से चपेट में आ गईं। पुष्पा दुर्याेधन बगडे (45) की मौत हो गई, जबकि बबिता गायकवाड़ (38), सुनीता रामदास कोंगे (40) व प्रमिला घनश्याम घोड़मारे (36) सभी तरोड़ी निवासी गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना गुरुवार 9 सितंबर की शाम करीब 5.15 बजे के दौरान हुई। पुलिस सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार सभी महिलाएं धान के खेत से काम कर लाैट रही थीं। बबिता गायकवाड़ व सुनीता कोंगे को अरोली के निजी अस्पताल में भर्ती किया गया। वहीं गंभीर रूप से घायल प्रमिला घोड़मारे को रामटेक के सरकारी अस्पताल रवाना किया गया। अरोली पुलिस स्टेशन मेंं आकस्मिक मृत्यु के तहत मामला दर्ज किया गया। अरोली पुलिस मामले की जांच कर रही है।

 

Created On :   11 Sept 2021 2:44 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story