महाराष्ट्र के आदिवासियों को लुभाने बिरसा मुंडा का सहारा लेगी बीजेपी, 2500 कार्यकर्ता जाएंगे रांची

2,500 Maharshtra BJP workers go to birthplace of Birsa Munda
महाराष्ट्र के आदिवासियों को लुभाने बिरसा मुंडा का सहारा लेगी बीजेपी, 2500 कार्यकर्ता जाएंगे रांची
महाराष्ट्र के आदिवासियों को लुभाने बिरसा मुंडा का सहारा लेगी बीजेपी, 2500 कार्यकर्ता जाएंगे रांची

डिजिटल डेस्क, मुंबई। झारखंड के रांची स्थित वीर सपूत बिरसा मुंडा के जन्मस्थल से मिट्टी और तुलसी के पौधे लाकर भाजपा महाराष्ट्र में आदिवासी समाज के लोगों के घर-घर तक पहुंचेगी। मिट्टी और तुलसी के पौधे लेने के लिए प्रदेश से भाजपा के लगभग 2500 कार्यकर्ता- पदाधिकारी बिरसा मुंडा की जयंती पर 15 नवंबर को झारखंड जाएंगे।

प्रदेश की फडणवीस सरकार 31 अक्टूबर को चार साल पूरे कर रही है। आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा ने प्रदेश में 25 लाख आदिवासियों तक पहुंचने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए भाजपा की तरफ से प्रदेश में गौरव यात्रा निकाली जाएगी। यह गौरव यात्रा प्रदेश के 76 आदिवासी बहुल विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरेगी। बुधवार को भाजपा के गडचिरोली-चिमूर सीट से सांसद अशोक नेते ने ‘दैनिक भास्कर’ से बातचीत में कहा कि आदिवासी समाज के बीच बिरसा मुंडा भगवान के रूप में पूजे जाते हैं। इसलिए पार्टी की तरफ से बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में नवंबर महीने में गौरव यात्रा निकाली जाएगी।

सांसद नेते ने बताया कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस 13 नवंबर को नागपुर में गौरव यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। गौरव यात्रा में शामिल पार्टी के आदिवासी समाज के नेता, सांसद, विधायक और कार्यकर्ता बिरसा मुंडा की जयंती के दिन 15 नवंबर को झारखंड के रांची स्थित उलिहातू पहुंचेंगे। बिरसा मुंडा के गांव से सभी लोग मिट्टी और तुलसी के पौधे लेकर महाराष्ट्र में आएंगे। इसके बाद प्रदेश में गौरव यात्रा के माध्यम से भाजपा के नेता राज्य भर में आदिवासी समाज के लोगों के घरों तक पहुंचेंगे। इस दौरान पार्टी की तरफ से आदिवासियों को केंद्र और राज्य सरकार की तरफ लागू की गई योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।

भाजपा नेता व प्रदेश के आदिवासी विकास मंत्री विष्णु सवरा ने कहा, बिरसा मुंडा की जयंती पर प्रदेश भाजपा के आदिवासी मोर्चे के लोग बड़े पैमाने पर रांची में जाएंगे। वहां पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन होगा। इस मौके पर पार्टी के कई नेता मौजूद रहेंगे। मैं शायद निजी कारणों से रांची नहीं जा पाऊंगा, लेकिन हम लोग पालघर जिले में बिरसा मुंडा की जयंती उत्साह से मनाएंगे।
 

Created On :   24 Oct 2018 7:30 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story