- Home
- /
- पांच वर्षों में सड़क दुर्घटनाओं से...
पांच वर्षों में सड़क दुर्घटनाओं से 2736 लोगों की गई जान, आरटीई से मिली जानकारी

डिजिटल डेस्क, मुंबई। महानगर में पिछले पांच सालों में सड़क हादसों के चलते 2736 लोगों की जान गई है जबकि 18 हजार से ज्यादा घायल हुए हैं। मुंबई ट्रैफिक पुलिस ने आरटीआई के जरिए मांगी गई जानकारी के तहत इसका खुलासा किया है। आंकड़ों से जाहिर है कि महानगर में सड़क हादसे में मरने वालों की संख्या में तो कमी आ रही है लेकिन इसकी रफ्तार बेहद सुस्त है। पुलिस का दावा है कि साल 2018 में मुंबई में सड़क पर गड्ढे के चलते सिर्फ एक हादसा हुआ जिसमें दो लोगों की जान गई।
आरटीआई कार्यकर्ता शकील अहमद शेख ने मुंबई ट्रैफिक पुलिस से जनवरी 2014 से दिसंबर 2018 के बीच मुंबई में सड़क हादसे के चलते हताहतों की संख्या और हादसों की वजह से जुड़ी जानकारी मांगी थी। जवाब में ट्रैफिक पुलिस ने जो जानकारी उपलब्ध कराई उसके मुताबिक महानगर में इस दौरान सड़क हादसों में 2736 लोगों की जान गई और 18029 लोग जख्मी हुए। हादसे में जान गंवाने वालों में 2284 पुरूष और 452 महिलाएं थीं। इसके अलावा हादसे में घायल हुए कुल लोगों में से 14150 पुरूष और 3879 महिलाएं थीं। शेख के मुताबिक ज्यादातर हादसे सड़कों की खराब बनावट और गड्ढों के चलते होतें हैं इसलिए जिन जगहों पर हादसे ज्यादा होते हैं वहां सड़कों में सुधार के लिए कदम उठाए जाने चाहिए। बता दें कि हाल ही में सड़क सुरक्षा सप्ताह के दौरान राज्य के परिवहन मंत्री दिवाकर रावते ने खुलासा किया था कि राज्य में साल 2018 में कुल 35926 सड़क हादसे हुए थे जिनमें 13059 लोगों की जान गई थी और 31181 लोग जख्मी हुए थे। राज्य में ऐसी 1324 जगहों की पहचान की गई है जहां सबसे ज्यादा सड़क हादसे होते हैं।
धीरे-धीरे घट रही है सड़क हादसों में मरने वालों की संख्या
साल मौत घायल
2014 598 3184
2015 611 4029
2016 562 3517
2017 490 3287
2018 475 3292
Created On :   8 March 2019 10:27 AM IST