- Home
- /
- नाबालिग से गैंग रेप करने वाले 3...
नाबालिग से गैंग रेप करने वाले 3 आरोपी रिमांड पर, पुलिस कर रही तफ्तीश

डिजिटल डेस्क, नागपुर। किशोरी को अगवा कर सामूहिक दुष्कर्म करने के मामले में मानकापुर पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अदालत में पेश कर उन्हें पुलिस रिमांड पर लिया गया है। घटना को लेकर संदेह भी व्यक्त किया जा रहा है, क्योंकि आरोपियों में एक किशोरी का रिश्तेदार है और आपस में उनकी बनती नहीं है।
वीडियो दिखाकर किया था अगवा
पीड़ित 17 वर्षीय किशोरी है। आरोपी उसका रिश्तेदार मंगेश और मित्र नीलेश और आकाश हैं। करीब डेढ़ वर्ष पहले अश्लील वीडियो दिखाकर आरोपियों ने कार से किशोरी को अगवा किया था। वाकी के एक फार्म हाउस में ले जाकर उसे दो दिन बंधक बनाकर रखा था। वहां एक और लड़की आरोपियों के चंगुल में फंसी हुई थी, जिसे किशोरी नहीं जानती है, लेकिन आरोपी उसके साथ भी मारपीट कर रहे थे। किशोरी से भी मारपीट की गई।
धमकी देकर 3 लाख मांगे
अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे 3 लाख रुपए के लिए ब्लैकमेल किया गया। ब्लैकमेलिंग की रकम का जुगाड़ करने के लिए उस पर घर में ही चोरी करने के लिए दबाव डाला गया। घर की रजिस्ट्री भी चोरी कर लाने के लिए कहा गया था। रुपए देने से इनकार करने पर उसे जलती सिगरेट के चटके दिए गए। इस बीच किशोरी ने 25 और 30 हजार रुपए आरोपियों को दिए। प्रकरण की गंभीरता से तत्काल पुलिस हरकत में आई और आरोपियों को गिरफ्तार किया। गुरुवार को अदालत में पेश कर उन्हें 5 सितंबर तक पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
मोबाइल खंगाले जा रहे
बताया जाता है कि, इनमें से एक आरोपी किशोरी का रिश्तेदार है। उससे आपसी रंजिश है। इस कारण घटना को लेकर संदेह भी व्यक्त किया जा रहा है। घटना की सत्यता जानने के लिए पुलिस फार्म हाउस पर जाने वाली है। आरोपियों के मोबाइल भी खंगाले जा रहे हैं। जांच जारी है।
Created On :   4 Sept 2021 4:14 PM IST