नागपुर में ओमिक्राॅन के 3 नए मरीज, 27 पॉजिटिव

Nagpur Omicron: 3 new patients of Omicron in Nagpur, 27 positive
नागपुर में ओमिक्राॅन के 3 नए मरीज, 27 पॉजिटिव
संक्रमण नागपुर में ओमिक्राॅन के 3 नए मरीज, 27 पॉजिटिव

डिजिटल डेस्क, नागपुर । ओमिक्रॉन के 3 नए मरीज मिलने से जिले में ओमिक्रॉन संक्रमितों का आंकड़ा 6 हो गया है। 17 दिन में ओमिक्रॉन मरीजों की संख्या 6 और बीते 24 घंटे में 27 कोविड पॉजिटिव मरीज मिलने से स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है। 

दुबई से 15 दिसंबर को आए थे पति-पत्नी  
हनुमान नगर जोन में 15 दिसंबर को पति-पत्नी दुबई से नागपुर आए थे। पहले वे मुंबई उतरे। उसी दिन घरेलू उड़ान से  नागपुर पहुंचे। दुबई में उनकी कोविड जांच निगेटिव आई थी। इसलिए उन्हें होम क्वारेंटाइन रहने की अनुमति दी गई। 19 दिसंबर को दोनों की जांच की गई, तो रिपोर्ट पॉजिटिव आई। विदेश यात्रा की हिस्ट्री रहने से उन्हें एम्स में भर्ती किया गया। जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए दोनों के नमूने प्रयोगशाला भेजे गए। सोमवार को पत्नी की ओमिक्रॉन जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई, जबकि  बुधवार को पति की रिपोर्ट आई। वह भी ओमिक्रॉन पॉजिटिव निकला।

पूर्वी अफ्रीका से 22 दिसंबर को शहर में आया था युवक  
गांधीबाग जोन में 21 वर्षीय युवक 21 दिसंबर को पूर्वी अफ्रीका के मलावी से विमान से मुंबई पहुंचा। मुंबई में उसकी कोविड जांच की गई। दूसरे दिन वह नागपुर में दाखिल हुआ। नागपुर पहुंचने पर मुंबई प्रशासन से नागपुर महानगरपालिका को उसकी कोविड जांच रिपोर्ट भेजी गई, जिसमें उसे  पॉजिटिव बताया गया। मनपा प्रशासन ने उसे खोजकर एम्स में भर्ती किया। जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए उसका सैंपल प्रयोगशाला भेजा गया। 29 दिसंबर को वह भी ओमिक्रॉन पॉजिटिव मिला। 

ओमिक्रॉन मुक्त 8 दिन बाद संक्रमित  
ओमिक्रान मुक्त होने के 8 िदन बाद एक 50 वर्षीय व्यक्ति की िरपोर्ट फिर पॉजिटिव आई है। वह एक निजी अस्पताल में भर्ती है। एक रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद उसकी तबीयत फिर गड़बड़ा गई। पुन: जीनोम सीक्वेंसिंग में उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। 

नीरी को छोड़ पुणे भेजे जा रहे सैंपल
जीनोम सीक्वेंसिंग की सुविधा नीरी में है, मगर महानगरपालिका ओमिक्रॉन जांच के लिए नमूने राष्ट्रीय विषाणु प्रयोगशाला पुणे भेज रही है। नीरी से दो दिन में रिपोर्ट मिलती है, वहीं पुणे से रिपोर्ट मिलने के लिए एक सप्ताह से अधिक समय का इंतजार करना पड़ रहा है। जीनोम सिक्वेंसिंग की िरपोर्ट में विलंब अोमिक्रॉन की रोकथाम में खतरे की घंटी मानी जा रही है।

जिले में 175 कोविड मरीज
बुधवार को जिले में 4654 कोविड जांच की गई, जिसमें 27 नए कोविड पॉजिटिव पाए गए। जिले में मरीजों की संख्या 175 हो गई है। दिन भर में 4 मरीजों ने कोविड को मात दी। अभी तक 42 लाख, 12 हजार 77 आरटीपीसीआर तथा एंटीजन रैपिड जांच की गई। 4 लाख, 93 हजार, 931 पॉजिटिव मरीज पाए गए। 4 लाख, 83 हजार 634 मरीज कोविड को मात देकर स्वस्थ हो गए। 10 हजार 122 ने जान गंवाई। 
 

Created On :   30 Dec 2021 5:50 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story