- Home
- /
- 15 सालों में धारावी के विकास के नाम...
15 सालों में धारावी के विकास के नाम पर खर्च हो गए 31 करोड़

डिजिटल डेस्क, मुंबई । कई बॉलीवुड और हॉलीवुड फिल्मों में नजर आई एशिया की सबसे बड़ी झोपडपट्टी के विकास के नाम पर पिछले 15 वर्षों में सरकार ने 31 करोड़ 27 लाख रुपए खर्च किए हैं। बात दीगर है कि इतने पैसे खर्च करने के बावजूद यहां विकास का श्री गणेश नहीं हो सका। 17 साल पहले इस घनी आबादी वाले झोपड़पट्टी इलाके के विकास की योजना बनी थी। राज्य की शिंदे सरकार में धारावी पुनर्विकास परियोजना का कार्य अडानी प्रापर्टीज को 5039 करोड़ रुपए में सौपा गया है। हालांकि राज्य की हर सरकार के दौरान धारावी का चेहरा-मोहरा बदलने की बात होती है पर अभी तक एशिया की सबसे बड़ी झोपडपट्टी का विकास शुरु नहीं हो सका। लेकिन सरकार ने विभिन्न काम पर करोड़ों रुपये खर्च कर दिए हैं।
झोपडपट्टी पुनर्वास प्राधिकरण (एसआरए) ने आरटीआई कार्यकर्ता अनिल गलगली को सूचित किया है कि धारावी पुनर्विकास परियोजना पर पिछले 15 वर्षों में 31.27 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।आरटीआई कार्यकर्ता गलगली ने धारावी पुनर्विकास परियोजना पर किए गए खर्च को लेकर जानकारी मांगी थी। प्राधिकरण ने गलगली को पिछले 15 वर्षों में किए गए खर्चों की एक सूची प्रदान की। 1 अप्रैल 2005 से 31 मार्च 2020 तक धारावी पुनर्विकास परियोजना पर 31 करोड़ 27 लाख 66 हजार 148 रुपये खर्च किए गए हैं। पीएमसी चार्ज पर 15.85 करोड़ रुपये का खर्च किए गए हैं। इसमें से विज्ञापन और प्रसार पर 3.65 करोड़ रुपये का खर्च भी शामिल है। व्यावसायिक शुल्क और सर्वेक्षण पर 4.14 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। कानूनी फीस पर 2.27 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। धारावी पुनर्विकास परियोजना का सरकारी संकल्प 4 फरवरी, 2004 को जारी किया गया था। गलगली ने अफसोस जताया कि पिछले 17 वर्षों में एक इंच का पुनर्विकास नहीं हुआ है और सरकार के करोड़ों रुपये पानी में डूब गए।
पर्यटन केंद्र भी है धारावी
एशिया की सबसे बड़ी झोपडपट्टी का खिताब हासिल करने वाली धारावी को 140 साल पहले अंग्रेजों ने वर्ष 1882 में बसाया था। यह जगह मुंबई में रहने के लिए सबसे सस्ती जगहों में से एक है। समय के साथ-साथ यहां आबादी बढ़ती गई और झुग्गी-झोपड़ियां धारावी की पहचान बन गईं। हालांकि स्लम एरिया सरकार की जमीन पर है, पर लोगों के बसने का सिलसिला यहां जारी है। सिनेमा में भी धारावी का खूब चित्रण किया गया है। बॉलीवुड के अलावा धारावी पर हॉलीवुड की फिल्में भी बनी हैं। यहां बड़ी संख्या में विदेशी पर्यटक भी आते रहते हैं। ऑस्कर पुरस्कार हासिल करने वाली फिल्म "स्लम डॉग मिलियनेयर" की शूटिंग धारावी में ही हुई थी।
Created On :   3 Dec 2022 7:39 PM IST