- Home
- /
- 311 जोड़ों ने थामा एक दूजे का हाथ,...
311 जोड़ों ने थामा एक दूजे का हाथ, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना में रीति रिवाज से कराया विवाह

डिजिटल डेस्क छिंदवाड़ा । मुख्यमंत्री आदर्श कन्या सामूहिक विवाह योजना के तहत नगर पालिक निगम द्वारा 311 नवयुगलों का विवाह स्थानीय दशहरा मैदान में धर्म और सामाजिक रीति रिवाज से कराया गया। इनमें 4 बौद्ध धर्म,53 अंर्तजातीय जोड़े,6 विधवा परित्यक्ता,15 दिव्यांग एवं 2 मुस्लिम जोड़े शामिल है। इस दौरान वर वधू पक्ष के लोगो के अलावा विधायक चौधरी चंद्रभान सिंह, कलेक्टर जेके जैन, महापौर श्रीमति कांता सदारंग,निगम अध्यक्ष धर्मेन्द्र मिगलानी,सभापति व पार्षदगण, पूर्व जिला भाजपा अध्यक्ष कन्हईराम रघुवंशी, दीनदयाल अंत्योदयल समिति अध्यक्ष अरूण शर्मा के अलावा निगम आयुक्त इच्छित गढ़पाले, सहायक आयुक्त मोनिका पारधे,कार्यपालन यंत्री एनएस बघेल सहित निगम कर्मचारियों ने भी वर वधू पक्ष की भूमिका निभाई।
टाउन हॉल से निकली बारात
योजना के तहत पंजीकृत 311 दूल्हों की बारात घोड़े,रथ,बग्गी एवं विशेष वाहनों से अयोध्या बना टाउनहॉल परिसर से बाजे गाजे के साथ नाचते हुए धूमधाम से दशहरा मैदान जनकपुरी तक निकाली गई।इस दौरान विधायक चौधरी चंद्रभान सिंह निगम अध्यक्ष धर्मेन्द्र मिगलानी, महापौर कांता सदारंग, निगम आयुक्त इच्छित गढ़पाले एवं पार्षदों ने भी नृत्य कर विवाह का जश्न मनाया।
वर-वधु को मिले उपहार
विवाह समारोह में शामिल वर वधू को शासन की ओर से अतिथियों द्वारा मंगलसूत्र, पायल, बिछिया,नौ बर्तन, हेलमेट व तुलसी का पौधा उपहार में दिया गया।इसके अलावा उन्हें कल्याणी विवाह के तहत प्रोत्साहन राशि दो लाख रूपए,दिव्यांग में एक सामान्य,एक दिव्यांग जोड़े को दो लाख,जोड़ो में दोनो दिव्यांग होने की स्थिति में प्रोत्साहन राशि एक लाख रूपए,अंर्तजातीय विवाह के तहत एससीएसटी द्वारा सामान्य या पिछड़ा वर्ग में विवाह करने पर दो लाख की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई। साथ ही जोड़ों का शासन की ओर से 17 हजार रूपए व स्मार्ट फोन के लिए तीन हजार रूपए सहित 20 हजार रूपए की राशि के चेक भी दिए गए।
निगम आयुक्त ने भेंट किया हेलमेट
मुख्यमंत्री कन्यादान योजना में शामिल सभी 311 दूल्हों को आयुक्त इच्छित गढ़पाले द्वारा यातायात सुरक्षा के लिए एक-एक हेलमेट उपहार में दिया गया। उन्होंने यह उपहार वाहन रैली के दौरान की गई घोषणा के तहत प्रदान किया।

.jpeg)
Created On :   19 April 2018 1:20 PM IST