- Home
- /
- देह व्यापार के दो अड्डों से 4...
देह व्यापार के दो अड्डों से 4 युवतियों को कराया मुक्त, दो महिला दलाल गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क, नागपुर । हुड़केश्वर और वाठोड़ा में चल रहे देह व्यापार के दो अड्डे पर पुलिस ने छापा मारा। पुलिस ने दो महिला दलालों को गिरफ्तार किया है। दोनों अड्डे से 4 युवतियों को मुक्त कराया गया है, इसमें एक नाबालिग भी शामिल है।
3 वर्ष से कर रही थी यह काम
पुलिस के अनुसार महिला दलाल शालिनी पटले वाठोड़ा के श्रावण नगर में देह व्यापार का अड्डा चला रही थी। इस बारे में अपराध शाखा पुलिस के सामाजिक सुरक्षा दस्ते को गुप्त सूचना मिली। दस्ते की सहायक पुलिस निरीक्षक रेखा सपकाल के मार्गदर्शन में जाल बिछाया गया। पुलिस ने नकली ग्राहक (पुलिस का पंटर) भेजकर शालिनी के देह व्यापार अड्डे का पर्दाफाश किया। पुलिस की छापेमारी के दौरान घटनास्थल से एक किशोरी सहित 3 लड़कियों को छुड़ाया गया। नकली ग्राहक ने शालिनी से सौदेबाजी की। उसे एक युवती के साथ शालिनी ने कमरे में भेज दिया। मौका पाकर नकली ग्राहक ने पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस ने शालिनी के घर पर छापेमारी कर उसे गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ वाठोड़ा थाने में मामला दर्ज किया गया। शालिनी के अड्डे से पकड़ी गईं दो युवतियां करीब 3 साल से उसके साथ जुड़कर यह काम कर रही थीं। शालिनी ने अपने ही घर के दो कमरे इस काम के लिए रखा था।
घर में खोल रखा था अड्डा
दूसरी घटना में पुलिस को सूचना मिली कि विद्या फुलझेले ने हुड़केश्वर इलाके में अपने घर में देह व्यापार का अड्डा शुरू कर रखा है। पुलिस ने िवद्या के घर पर पंटर भेजा। पंटर से बातचीत करने के बाद विद्या ने एक 24 वर्षीय युवती को घर पर बुलाया। पंटर से पैसे लेने के बाद विद्या ने उसे युवती के साथ कमरे में भेज दिया। पंटर का इशारा मिलने पर सामाजिक सुरक्षा दस्ते के पुलिस निरीक्षक रायन्नावार ने सहयोगियों के साथ विद्या के देह व्यापार अड्डे पर छापेमारी की। यहां से महिला दलाल विद्या फुलझेले को पुलिस ने गिरफ्तार किया। पुलिस ने युवती को हिरासत में लिया। पीड़ित युवती पहले ब्यूटीपार्लर में काम करती थी। लॉकडाउन के कारण वह घर जाकर सेवा देती थी। विद्या ने उसे प्रति ग्राहक एक हजार रुपए की कमाई करने का लालच देकर उसे देह व्यापार की दलदल में उतार दिया। हुड़केश्वर थाने में आरोपी विद्या फुलझेले पर मामला दर्ज किया गया है।
Created On :   30 July 2021 12:31 PM IST