पुणे में अवैध होर्डिंग गिरने से 4 की मौत, हाईकोर्ट ने मांगा जवाब, नगरसेवक को फटकारा

4 persons dead due to illegal hoarding falls in Pune, HC angry on BJP corporator
पुणे में अवैध होर्डिंग गिरने से 4 की मौत, हाईकोर्ट ने मांगा जवाब, नगरसेवक को फटकारा
पुणे में अवैध होर्डिंग गिरने से 4 की मौत, हाईकोर्ट ने मांगा जवाब, नगरसेवक को फटकारा

डिजिटल डेस्क, मुंबई। बांबे हाईकोर्ट ने पुणे में अवैध होर्डिंग गिरने के चलते चार लोगों की मौत और कई लोगों के घायल होने के मामले में पुणे महानगरपालिका से जवाब मांगा है। हाईकोर्ट में अवैध होर्डिंग के मुद्दे को लेकर दायर कई जनहित याचिकाओं पर सुनवाई चल रही है। इस दौरान अधिवक्ता उदय वारुंजेकर ने न्यायमूर्ति अभय ओक की बेंच को पुणे में होर्डिंग के चलते हुए हादसे की जानकारी दी। इससे पहले बेंच ने मुंबई महानगरपालिका में भारतीय जनता पार्टी के नगरसवेक मुरर्जी पटेल को अंधेरी इलाके में स्थित सार्वजनिक मैदान में अवैध होर्डिंग लगाने के लिए कड़ी फटकार लगाई। पटेल पर अवैध होर्डिंग लगाने के साथ ही उसे हटाने गए मनपा अधिकारी के साथ बदसलूकी करने का भी आरोप है। बेंच ने पटेल के खिलाफ 8 अक्टूबर को न्यायालय की अवमानना की नोटिस जारी करने के संकेत दिए हैं। 

सुनवाई के दौरान मनपा की ओर से पैरवी कर रहे अधिवक्ता अनिल साखरे ने कहा कि हमे लोगों से सार्वजनिक मैदान में होर्डिंग लगाए जाने की शिकायत मिली थी। यह होर्डिंग जीवन ज्योति फाउंडेशन की ओर से लगाई गई थी। पटेल इस फाउंडेशन को चलाते हैं। शिकायत के बाद जब मनपा अधिकारी अवैध होर्डिंग को हटाने के लिए पहुंचे तो पटेल ने न सिर्फ अधिकारी के काम में हस्तक्षेप किया बल्कि उसके साथ बदसलूकी करते हुए अधिकारी से कैमरा भी छीन लिया। हालांकि पटेल के वकील ने कहा कि इस मामले में न्यायालय की अवमानना का मामला नहीं बनता है। इस घटना को लेकर पुलिस ने पहले से आपराधिक मामला दर्ज किया है। इस पर बेंच ने कहा कि हमारी आपसे (पटेल) से अपेक्षा थी कि आप कहेंगे कि दोबारा ऐसा नहीं होगा लेकिन आप तो अपने कृत्य पर सफाई दे रहे हैं। जो कि उचित नजर नहीं आ रहा है। 

अवैध होर्डिंग गिरने से 4 की मौत, 8 घायल
उधर पुणे में रेल प्रशासन की जगह पर लगे अवैध होर्डिंग से गिरकर चार लोगों की मौत हो गई। जबकि आठ लोग घायल हो गए। घटना शुक्रवार दाेपहर करीब डेढ़ बजे जुना बाजार चौक पर हुई। शामराव गगांधर कासार, शाम राजाराम धोत्रे, मदिना मापजेर, शिवाजी देवदास परदेशी की मौत हो गई। वहीं किरण सोमनाथ ठोसर, यशवंत रामा खोबरे, महेश औचेकर, रुक्मणी परदेशी घायल हो गए। घायलों का ससुन अस्पताल में इलाज चल रहा हैं। 

प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार जुना बाजार इलाके में अवैध होर्डिंग निकालने का काम किया जा रहा था। होर्डिंग नीचे से काटा जा रहा था, जिस कारण सड़क के बीच जोर से गिरा। इस दौरान हादसा हो गया। घटना के बाद ठेकेदार और कामगार घटनास्थल से भाग निकले। हालांकि पुलिस ने मामला दर्ज कर हिरासत में लिया है। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम और रेल प्रशासन के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए।  

पत्नी के अस्थियां विसर्जन कर लौटते समय पति की मौत
मृतकों में शिवाजी परदेशी की पत्नी का गुरूवार को निधन हो गया। उनकी अस्थियां विसर्जन करने परदेशी परिवार सुबह आलंदी गए थे। अस्थियां विसर्जन करने के बाद घर लौटते समय होर्डिंग गिरने से शिवाजी परदेशी की मौत हो गई। उनकी मां रूक्मणी परदेशी घायल हो गईं। घटना के लिए जिम्मेदार लोगों पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की गई हैं।  

Created On :   5 Oct 2018 9:55 PM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story