- Home
- /
- रेमडेसिविर की कालाबाजारी करते 4...
रेमडेसिविर की कालाबाजारी करते 4 वार्ड बॉय गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क, नागपुर। जरीपटका पुलिस ने रेमडेसिविर की कालाबाजारी में लिप्त और चार वार्ड बॉय को गिरफ्तार किया है। अवकाशकालीन अदालत में पेश कर चार आरोपियों को चार दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है। प्रकरण में अब तक कुल सात आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। प्रकरण में और भी गंभीर खुलासे होने की संभावना है।
श्योरटेक अस्पताल के हैं वार्ड बॉय
आरोपियों में श्योरटेक अस्पताल के वार्ड बाॅय आरोपी रजत दीपक टेंभरे (29), न्यू कुशी नगर और उसका साथी रोहित संजय धोटे (20), योगी अरविंद नगर निवासी, मनोज और एक अन्य है। दो को शनिवार की रात में और दो को रविवार को गिरफ्तार किया गया। इसके पहले पोर्टल चैनल का प्रतिनिधि विकास उर्फ विवेक लक्ष्मण ढोकने पाटील (34), मनीष नगर, अमन जितेंद्र शिंदे (21), मॉडल मिल चाल, गणेशपेठ, ईश्वर उर्फ बिट्टू मुकेश मंडल (28), मार्टिन नगर निवासी को गिरफ्तार किया जा चुका है।
मौका मिलते ही अस्पताल से चुराते थे इंजेक्शन
आरोपियों से हुई कड़ी पूछताछ में खुलासा हुआ है कि, आरोपी वार्ड बॉय अस्पताल में मौका मिलते ही इंजेक्शन चुराते थे। पश्चात अमन, विवेक की मदद से ऊंचे दामों पर जरूरतमंद लोगों को इंजेक्शन बेचते थे। इस बारे में चलने पर शुक्रवार को जरीपटका और परिमंडल क्र.-5 की टीम ने संयुक्त छापामार कार्रवाई कर विवेक, अमन और बिट्टू को दबोचा था। अभी तक पांचों आरोपियों से विविध कंपनियों के रेमडेसिविर कंपनी के कुल 4 इंजेक्शन जब्त किए जा चुके हैं। इसके अलावा कार, दोपहिया वाहन और नकदी, ऐसे कुल साढ़े छह लाख रुपए का माल जब्त किया गया है।
आरोपियों के घरों पर भी छापा
आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद उनके घरों पर पुलिस ने छापा मारा है। हालांकि घर से कुछ नहीं मिला है, लेकिन प्रकरण की गंभीरता और जिस तरह जीवन रक्षक रेमडेसिविर की मंाग है, उसे देखते हुए प्रकरण में और भी लोग लिप्त होने की आशंका है। आरोपियों के मोबाइल खंगाले जा रहे हैं।
जांच जारी है।
Created On :   19 April 2021 3:42 PM IST