- Home
- /
- दो बैंकों से 70.37 लाख की धोखाधड़ी...
दो बैंकों से 70.37 लाख की धोखाधड़ी करने वाले 5 आरोपी गिरफ्तार, 2 महिलाएं भी शामिल

डिजिटल डेस्क, नागपुर। शहर की दो बैंकों के साथ 70 लाख 37 हजार रुपए की धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। एक दंपति सहित 5 आरोपियों के खिलाफ बेलतरोड़ी थाने में धारा 420, 465, 468, 469, 471, 120(ब), 34 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी राकेश गुप्ता और उसके साथी इमरान अली को गिरफ्तार किया है। दोनों को न्यायालय ने 2 जुलाई तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
इस तरह उठाया कर्ज
बैंक ने इस दस्तावेज के आधार पर 51 लाख रुपए घर कर्ज मंजूर कर दिया, लेकिन आरोपियों ने इसमें से केवल 30.37 लाख रुपए कर्ज उठाया। पश्चात आरोपियों ने इसी दस्तावेज के आधार पर धंतोली क्षेत्र में सारस्वत बैंक शाखा अजनी से करीब 60 लाख रुपए कर्ज मंजूर करा लिया और 40 लाख रुपए कर्ज उठा लिया। आरोपी राकेश ने लिए गए 70 लाख 37 हजार रुपए कर्ज की करीब एक साल किस्त जमा की। बाद में किस्त देना बंद कर दिया। किस्त बंद होने पर जब बैंकों ने छानबीन शुरू की, तब आरोपियों का फर्जीवाड़ा उजागर हुआ।
जिस बैंक से कर्ज उठाया वहीं पकड़ा आरोपी को
आरोपी राकेश को पुलिस ने मनीष नगर की उसी बैंक से गिरफ्तार किया, जिस बैंक को उसने चूना लगाया है। राकेश बैंक प्रबंधक से मिलने आया था। बैंक ने कर्ज मंजूर करते समय दस्तावेज की सर्टिफाई कॉपी निकाली होती, तो कदाचित ठगी की घटना नहीं होती।
असली प्लॉटधारक महिला के कारण खुली पोल
प्लॉट नं.-86 की असली मालकिन प्रमिला नागदेवे को जब यह चला कि, उसके प्लॉट पर दो बैंकों से लाखों रुपए कर्ज उठा लिया है, तब वह बैंक अधिकारी राऊत के पास पहंुचीं और अपने प्लॉट के असली दस्तावेज उन्हें दिखाए। पश्चात राऊत को समझ आ गया कि, आरोपी राकेश गुप्ता ने साथियों के साथ मिलकर ठगी की है। मामला दर्ज होने के करीब एक वर्ष से पुलिस आरोपियों की खोजबीन में लगी थी।
45 वर्ष की जगह रजिस्ट्रार कार्यालय पहुंची 59 वर्ष की महिला
पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी राकेश और उसके साथियों ने प्लॉट नं.-86 की असली मालकिन 45 वर्षीय प्रमिला नागदेेवे की जगह एक 59 वर्षीय महिला को प्रमिला नागदेवे बताकर दुय्यम निबंधक कार्यालय में बिक्री पत्र तैयार करा लिया और इस दस्तावेज के आधार पर दोनों बैंकों से करीब 1 करोड़ 11 लाख रुपए का कर्ज मंजूर करा लिया, लेकिन 70.37 लाख ही कर्ज दोनों बैंकों से उठाया।
दूसरे के प्लॉट को अपना बताकर लिया कर्ज
पुलिस के अनुसार बंगला नं.-12, श्री स्वामी संमर्थ नगरी, बेसा चौक निवासी प्रशांत राऊत (37), मनीष नगर स्थित कर्नाटक बैंक शाखा में प्रबंधक हैं। उन्होंने धोखाधड़ी की शिकायत की है। राऊत ने पुलिस को बताया कि, आरोपी राकेश उदयराज गुप्ता (42), उसकी पत्नी स्वाति (32), गोधनी रोड, महाराणा नगर, इमरान अली अख्तर अली हाशमी (42), संजय बाग काॅलोनी, राजीव गांधी नगर, दीपक बिसने (32), म्हाड़ा काॅलोनी, कलमना बस्ती ने 59 वर्षीय महिला के साथ मिलीभगत कर बैंक से ठगी की। आरोपियों ने बैंक से कर्ज लेने के लिए श्री गुरूछाया को-आॅप. हाउसिंग सोसाइटी ने डाले ले-आउट में प्लॉट क्र.-86 का फर्जी बिक्री पत्र का दस्तावेज जमा किया था।
Created On :   30 Jun 2021 12:59 PM IST